दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 मई। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग ने गत वर्ष के मुकाबले खरीफ 2026 में 72 करोड़ 45 लाख रुपए से भी अधिक का नगद ऋण बांटा है। बैंक द्वारा खरीफ 2026 के लिए बालोद, बेमेतरा एवं दुर्ग जिले के 32558 किसानों को अब तक 207 करोड़ 2 लाख 2 हजार रुपए का ऋण वितरण किया जा चुका है जबकि गत खरीफ वर्ष 2025 में आज की तिथि में 134 करोड़ 57 लाख 41 हजार रुपए का ऋण वितरण हुआ था।
जानकारी के अनुसार खरीफ वर्ष 2026 में बालोद, बेमेतरा एवं दुर्ग जिले के किसानों को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग द्वारा कुल 1595 करोड़ रुपए की ऋण वितरण का लक्ष्य है। इनमें 1116 करोड़ 50 लाख रुपये नगद एवं 478 करोड़ 50 लाख रुपए की सामग्री वितरण किया जाना है। इसके विरुद्ध अब तक 207 करोड़ 3 लाख15 हजार रुपए का ऋण वितरण किया गया है जो प्राप्त लक्ष्य का 12.98 प्रतिशत है।
जानकारी के अनुसार जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग क्षेत्र अंतर्गत सर्वाधिक 16901 किसानों को 86 करोड़ 90 लाख 72 हजार रुपए का नगद ऋण वितरण किया गया जो गत वर्ष आज की तिथि में वितरित कुल 39 करोड़ 8 लाख रुपए से 47 करोड़ 82 लाख रुपए अधिक है। इसी प्रकार बेमेतरा जिले में अब तक 11658 किसानों को 80 करोड़ 23 लाख का नगद ऋण वितरण हुआ है जो गत वर्ष वितरित ऋण से 16 करोड़ 63 लाख रुपए अधिक है।
वहीं दुर्ग जिले में अब तक 3999 कृषकों को 39 करोड़ 87 लाख रुपए का नगद ऋण वितरण हुआ है जबकि गत वर्ष आज की तिथि में यहां 31 करोड़ 87 लाख का ऋण वितरण हुआ था जिसके मुकाबले यहां भी 8 करोड़ रुपए का अधिक नगद ऋण वितरण हो चुका है।


