दुर्ग

एमआईसी में संपत्तिकर में छूट पर सहमति
05-May-2026 5:35 PM
एमआईसी में संपत्तिकर में छूट पर सहमति

सडक़ चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और व्यावसायिक प्रस्ताव मंजूर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 मई।
सोमवार को महापौर अलका बाघमार की अध्यक्षता में एमआईसी (मेयर इन काउंसिल) सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक डाटा सेंटर में हुई।
बैठक में निर्माण कार्यों, शहर सौंदर्यीकरण, सडक़ चौड़ीकरण, कर व्यवस्था एवं विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े कई अहम एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा उपरांत अनेक प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में महापौर द्वारा मंगाए गए 10 बिंदुओं पर विभागीय जानकारी प्रस्तुत की गई और संबंधित विषयों पर सदस्यों ने विचार-विमर्श किया।

नगर निगम के बाजार विभाग के नियंत्रणाधीन नव-निर्मित जलगृह व्यावसायिक परिसर की तेरहवीं निविदा पर भी चर्चा हुई। निविदाकारों में गणेश्वरी पटेल, सौरभ पटेल, राघवेंद्र वर्मा, रूप सिंह वर्मा, रिचा अग्रवाल एवं रितेश अग्रवाल शामिल रहे। ऑफर दर ऑफसेट मूल्य से अधिक होने के कारण इस विषय को भी अगले एमआईसी में निर्णय हेतु रखा गया है, जिसको स्वीकृति दी गई।
बैठक में शहर के करदाताओं को राहत देते हुए संपत्तिकर में छूट देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। वर्ष 2026-27 में अग्रिम संपत्तिकर जमा करने वाले करदाताओं को अप्रैल से जून तक 6 प्रतिशत, जुलाई से सितंबर तक 4 प्रतिशत तथा अक्टूबर से दिसंबर तक 2 प्रतिशत की छूट देने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। मनीष पारख (मेघगंगा ग्रुप) द्वारा अग्रसेन चौक तक स्वयं के व्यय से सौंदर्यीकरण कार्य कराने संबंधी प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
शहर के अधोसंरचना विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण सडक़ परियोजनाओं पर भी बैठक में चर्चा हुई। इनमें नगरोत्थान योजना अंतर्गत धमधा मार्ग से आदित्य नगर होते हुए रायपुर नाका अंडरब्रिज तथा हनुमान नगर से जुनवानी रोड तक सडक़ चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य शामिल हैं।

 इसके अलावा राजेंद्र पार्क चौक से शहीद चौक होते हुए अंडरब्रिज तक तथा आईएमए चौक से अग्रसेन चौक तक फोरलेन सडक़ निर्माण कार्य पर भी चर्चा की गई। अधोसंरचना मद अंतर्गत साइंस कॉलेज के बाजू स्थित केनाल रोड पर जीई रोड से स्टेशन रोड तक केनाल रोड निर्माण कार्य को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के अंत में प्रशासनिक भवन के पीछे मजार के समीप स्थित दुकान को निरस्त करने का निर्णय लिया गया। महापौर ने विद्युत एवं जल कार्य विभाग के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बैठक में कुआं चौक क्षेत्र में यातायात बाधित करने वाले ठेले-खोमचे हटाने और दोबारा अतिक्रमण न होने की सख्त हिदायत दी गई।
पुराना बस स्टैंड से कपड़ा मार्केट तक नो वेंडिंग जोन घोषित किया गया। साथ ही महिला समृद्धि बाजार की दुकान खाली कराने हेतु पुन: नोटिस जारी करने और ओम ज्वेलर्स द्वारा किए गए सडक़ अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर आयुक्त सुमित अग्रवाल, एमआईसी सदस्य देव नारायण चन्द्राकर, नरेंद्र बंजारे, शेखर चन्द्राकर, लीना दिनेश देवांगन, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, काशीराम कोसरे, नीलेश अग्रवाल, मनीष साहू, लीलाधर पाल, शिव नायक, शशि साहू, हर्षिका संभव जैन, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, प्रकाश चंद थवानी, मो.सलीम सिद्दीकी, गिरीश दिवान, दुर्गेश गुप्ता, सुरेश केवलानी, रेवाराम मनु, अभ्दय मिश्रा सहित अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट