दुर्ग

लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल, 44 डिग्री के करीब पारा
19-Apr-2026 4:10 PM
लू के थपेड़ों से जनजीवन बेहाल, 44 डिग्री के करीब पारा

 एक-दो दिन और जारी रह सकती है भीषण गर्मी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 अप्रैल।
जिले में गर्मी ने अपने तेवर और तीखे कर दिए हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे पूरे दिन लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ा।
दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है अर्थात एक-दो दिन और भीषण गर्मी  जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने संभाग के एक दो पाकेट में ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी दी है। आज सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया, वहीं दोपहर के समय सडक़ों पर सन्नाटा पसरा रहा।
आवश्यक कार्यों से ही लोग बाहर निकले, जबकि बाजारों में भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम देखी गई। दिनभर चली लू के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। तेज गर्म हवाओं के कारण खासकर बुजुर्गों, बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अस्पतालों में भी गर्मी से संबंधित समस्याओं-जैसे डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और सिरदर्द के मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने जिले में ग्रीष्म लहर (हीट वेव) चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है । लू का असर और तीव्र हो सकता है। प्रशासन ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही, आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। मौसम विभाग के अनुसार दुर्ग में आज अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। वहीं आज पड़ोस के जिले राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा। इधर जिले में न्यनतम तापमान में भी इजाफा होने लगा है। आज दुर्ग में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा।


अन्य पोस्ट