दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 अप्रैल। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती पर मंगलवार को बुद्ध विहार समिति शंकरनगर द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में जय भीम के जयकारे गुंजायमान रहे।
शोभायात्रा में बाबा साहेब के अनुयायी सैकड़ों की संख्या में जुटे। इसके पहले बुद्ध विहार शंकरनगर में अंबेडकर जयंती पर सुबह पंचशील ध्वजारोहण कर डॉ. बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके कार्यों और आदर्शों को याद किया गया। दोपहर बाद बुद्ध विहार शंकरनगर से डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को पूर्व विधायक अरुण वोरा ने ध्वज दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पूर्व महापौर आरएन वर्मा, बुद्ध विहार समिति अध्यक्ष ज्ञानेश्वर बागड़े व समाज के वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। यह शोभायात्रा बुद्ध विहार शंकरनगर से आर्यनगर, ग्रीन चौक, सिंधी कॉलोनी, राजेन्द्र पार्क, नया बस स्टैंड, पटेल चौक, इंदिरा मार्केट, पोलसायपारा, हरनाबांधा होते हुए वापस बुद्ध विहार प्रांगण पहुंची। जहां शोभायात्रा का समापन हुआ।
शोभायात्रा का अंबेडकर अनुयायियों ने रास्तेभर जगह-जगह स्वागत किया। शहीद चौक (ग्रीन चौक) में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने शोभायात्रा का स्वागत कर बाबा साहेब के अनुयायियों को अंबेडकर जयंती की बधाई दी। यहां शर्बत भी बांटे गए। वार्ड 12 के पार्षद अजीत वैद्य (अजय) के नेतृत्व में भी शोभायात्रा का स्वागत किया गया। शोभायात्रा में बाबा साहेब के जीवन पर आधारित झांकियों के अलावा घोड़ा बग्गी व डीजे आकर्षण का केन्द्र रहे। बाबा साहेब के अनुयायियों ने डीजे की धुन में नाच गाकर अपनी खुशियों का इजहार किया।
शोभायात्रा में बुद्ध विहार समिति के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर बागड़े (ज्ञानू), सचिव अशोक मड़ामें, उपाध्यक्ष के एन वासनिक, उपसचिव किशोर चौरे, कोषाध्यक्ष संजय मेश्राम, अंकेक्षक राजकुमार फुले, संगठन सचिव विजय मेश्राम, कार्यकारिणी सदस्य रामजी रंगारी, नारद गोंडाने, किशोर गोस्वामी, दिलीप सुखदेव, सप्रेम चौरे, हितेन्द्र चौहान, अतुल सूर्यवंशी, संजू श्याम कुंवर, प्रकाश बंसोड़, सीएच ढोक, किशोर चौरे, डीके माने, बौद्ध महिला मंडल अध्यक्ष संगीता मेश्राम, सचिव भारती मड़ामे, रेखा लोनारे, रीता मेश्राम, नंदा गोस्वामी, किरण गोस्वामी, रेश्मा गोडाने, आकांक्षा मेश्राम, अल्का चौहान के अलावा बाबा साहेब अंबेडकर के दुर्ग-भिलाई के अनुयायी बड़ी संख्या में शामिल हुए।


