दुर्ग
दुर्ग ग्रामीण विस में मंडल स्तर पर बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 अप्रैल। जिले में कांग्रेस पार्टी संगठन सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दे रही है। इसके तहत जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों में ताबड़तोड़ बैठकें आयोजित की जा रही है। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना एवं बूथ एवं पंचायत स्तर पर कार्यकारिणी गठन को लेकर ठोस रणनीति तैयार करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत जामुल में मंडल कांग्रेस कमेटी दुर्गा मंदिर एवं शिवपुरी की बैठक से हुई। इसके पश्चात क्रमश: अंजोरा मंडल, चंदखुरी, निकुम, उतई, मचांदुर तथा नगपुरा मंडल की बैठक संबंधित क्षेत्र में हुई। सभी बैठकों में जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही आगामी चुनावों में सफलता की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रियता बढ़ाने, आपसी समन्वय मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया।
बैठकों में बूथ एवं पंचायत स्तर पर कार्यकारिणी गठन, जिम्मेदारियों के स्पष्ट निर्धारण, संगठन विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रत्येक मंडल में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने एवं नए कार्यकर्ताओं को जोडऩे पर विशेष जोर दिया गया। इन बैठकों में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ प्रभारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे जिन्होंने भी संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान दुर्ग ग्रामीण प्रभारी दुर्गा गजबे, ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, मंडल प्रभारी घनश्याम गजपाल, जागेत्री साहू, अघनु पाल, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र बंजारे, राकेश हिरवानी, देवराज चतुर्वेदी, नंदकुमार साहू, रविन्द्र सिन्हा, शिवनारायण दिल्लीवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।


