दुर्ग

अरोरा ने विधायक पर एमएमएस प्रकरण की निष्पक्ष जांच मांगी
13-Apr-2026 5:10 PM
अरोरा ने विधायक पर एमएमएस प्रकरण की निष्पक्ष जांच मांगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 अप्रैल।
नगर निगम भिलाई के पूर्व सभापति एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र अरोरा ने प्रेसवार्ता में विधायक देवेंद्र यादव पर एमएमएस प्रकरण को लेकर तीखा हमला बोलते हुए पूरे मामले को संदेहास्पद बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि विधायक इस मुद्दे पर केवल घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं जबकि उन्हें वास्तव में जांच एजेंसियों पर भरोसा होता तो वे समय पर पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराते और अपनी कथित जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत करते।

उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार आठ बार नोटिस दिए जाने के बावजूद विधायक का बयान के लिए उपस्थित न होना कई सवाल खड़े करता है जबकि वे नौवें नोटिस पर जाकर बयान देने पहुंचे। उन्होंने इसे जांच प्रक्रिया के प्रति गंभीरता की कमी बताया। साथ ही उन्होंने यह भी प्रश्न उठाया कि जिस जांच रिपोर्ट के आधार पर विधायक ने एमएमएस को फर्जी बतायाए वह जांच आखिर कहां और किस एजेंसी से कराई गई तथा उसकी प्रमाणिकता क्या है।
प्रेस वार्ता के दौरान राजेंद्र अरोरा ने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम में एक सुनियोजित रणनीति नजर आती है जिसमें पहले स्वयं एक कहानी गढ़ी गई फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सहानुभूति बटोरने का प्रयास किया गया और बाद में राजनीतिक विरोधियों पर आरोप मढ़े गए। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी ने भी विधायक पर प्रत्यक्ष आरोप नहीं लगाया था इसके बावजूद इसे अनावश्यक रूप से बड़ा मुद्दा बनाया गया।
उन्होंने कहा कि इसके बाद स्वयं विधायक द्वारा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराकर वही वीडियो जांच के लिए सौंपा गया जो पूरे घटनाक्रम को और अधिक संदिग्ध बनाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम अपनी राजनीतिक साख बचाने के लिए समय समय पर रची जाने वाली नौटंकी का हिस्सा है।

अरोरा ने कहा कि भिलाई जैसे शांत और जागरूक शहर में इस प्रकार की गंदी राजनीति पहले कभी देखने को नहीं मिलीए जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।  अरोरा ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कर सच्चाई को सामने लाया जाए।


अन्य पोस्ट