दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 मार्च। नगर निगम द्वारा शहर में बढ़ते अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पटरीपार सिकोला भाटा सब्जी मार्केट क्षेत्र में नाली के ऊपर किए गए अवैध निर्माणों को हटाया गया। निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से करीब 35 से अधिक दुकानों के बाहर नाली के ऊपर बनाए गए अवैध शेड और पक्के निर्माण को तोडक़र हटाया। बताया गया कि लंबे समय से इस क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा नाली के ऊपर कब्जा कर पक्के निर्माण कर लिए गए थे, जिससे आवागमन और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इस संबंध में नगर निगम द्वारा पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन अवैध कब्जाधारियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ।
महापौर अलका बाघमार के सख्त निर्देश पर आज अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान पटरीपार सिकोला भाटा के कई दुकानदारों ने निगम की कार्रवाई को देखते हुए स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए 24 घंटे का समय भी मांगा।


