दुर्ग
दुर्ग, 11 फरवरी। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बिना हेलमेट बाइक चलाने के मामले ने अब राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है। इस घटनाक्रम के बाद एनएसयूआई दुर्ग विधानसभा अध्यक्ष वरूण केवलतानी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। मामला दुर्ग ट्रैफिक थाना में टीआई के साथ कथित दुव्र्यवहार से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक 7 फरवरी को एनएसयूआई के कार्यकर्ता शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ट्रैफिक थाना पहुंचे थे। उन्होंने ट्रैफिक टी आई युवराज साहू से मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। उन लोगों ने अपने साथ भेंट स्वरूप चूड़ी- साड़ी भी लेकर आए थे। इस दौरान एनएसयूआई नेताओं ने टीआई के साथ दुव्र्यवहार भी किया था। इस मामले को लेकर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। यातायात जागरूकता सप्ताह के दौरान मंत्री बिना हेलमेट के सडक़ों पर घूमते नजर आए थे और इस वीडियो को खुद मंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर भी किया था। ट्रैफिक पुलिस द्वारा किसी तरह की कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में एनएसयूआई ने विरोध प्रदर्शन किया था।


