दुर्ग

धान घोटाला: कांग्रेस का प्रदर्शन 20 को
18-Jan-2026 7:39 PM
धान घोटाला: कांग्रेस का प्रदर्शन 20 को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 18 जनवरी।
छत्तीसगढ़ में सरकारी गोदामों में रखे धान के भंडारण को लेकर सामने आए मामलों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) द्वारा विरोध प्रदर्शन की घोषणा की गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में धान भंडारण और प्रबंधन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि धान किसानों की मेहनत का परिणाम है और इसके भंडारण में हुई कथित गड़बडिय़ों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कुछ मामलों में धान की कमी को चूहों से जोडक़र बताया गया है, जिसे कांग्रेस स्वीकार नहीं करती। राकेश ठाकुर के अनुसार, पार्टी का मानना है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी 20 जनवरी, मंगलवार को दुर्ग कलेक्टर कार्यालय के समक्ष एक शांतिपूर्ण और प्रतीकात्मक प्रदर्शन आयोजित करेगी। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ता प्रतीकात्मक गतिविधियों के माध्यम से धान भंडारण से जुड़े मामलों पर अपनी आपत्ति दर्ज कराएंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के बाद दुर्ग कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें धान से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कलेक्टर दुर्ग को पूर्व में ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन की सूचना दी गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान धीरज बाकलीवाल, नीता लोधी, देवेंद्र देशमुख, रिवेंद्र यादव, नंद कुमार सेन, आनंद ताम्रकार, गुरदीप भाटिया, मनीष बघेल, देवश्री साहू, धर्मेंद्र साहू, जीतू पटेल, हीरेन्द्र साहू, मोहित वालदे, सुनीत घोष, सौरभ ताम्रकार, भीमसेन, प्रीतम देशमुख सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट