दुर्ग

कोर्ट परिसर में फांसी लगाकर खुदकुशी
09-Aug-2025 3:38 PM
कोर्ट परिसर में फांसी लगाकर खुदकुशी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 9 अगस्त। न्यायालय परिसर दुर्ग में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान वार्ड 31 आपापुरा निवासी युवराज सार्वा (45 वर्ष ) के रूप में हुई है। वह सब्जी और सीजनल चीजें बेचता था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को मर्चुरी भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बताया जाता है कि सब्जी लगाने को लेकर एक दुकानदार से उनका विवाद था। जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। युवराज सार्वा अभी हॉस्पिटल में एडमिट थे। सुबह ड्रिप लगी स्थिति में निकलकर सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहीं फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतक युवराज की 5 बेटी और एक बेटा है। सभी संतानें तैराकी में नेशनल चैंपियन रह चुके हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एक दुकानदार से चल रहा था विवाद

मृतक के पुत्र हेमंत सार्वा ने बताया कि उनके पिता हटरी बाजार में एक दुकानदार के दुकान के सामने सब्जी और सीजनल सामान का दुकान लगाते थे। इसको लेकर कई बार विवाद की स्थिति बनी और थाने में शिकायत भी की गई थी। दुकानदार अपनी पहुंच का धौंस दिखाकर उन्हें लगातार डराता-धमकाता रहता था। मानसिक प्रताडऩा से तंग आकर मृतक घर में कई बार आत्महत्या करने की बात कह चुके थे। परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले युवराज सार्वा को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार तडक़े 4 बजे वह अस्पताल से हाथ में ड्रिप लगी स्थिति में निकलकर सीधे कलेक्ट्रेट न्यायालय परिसर पहुंचे और वहीं फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया।

नगर पालिका निगम दुर्ग के सभापति श्याम शर्मा ने कहा कि युवराज सार्वा बीपी शुगर से भी परेशान थे,। उनके पैर में फफोले हो जाते थे। उन्हें अस्पताल में भी भर्ती किया गया था। वह प्रतिदिन कलेक्ट्रेट में बने मंदिर में पूजा करने आते थे। अपने पहचान वालों कहते थे कि वह मर जाएंगे कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि युवराज ने कहा था कि वह 10 अगस्त को सुसाइड कर लेगा। 11 को काठी में आप लोग आना। उस समय लोगों ने समझा कि वह मजाक कर रहा है और उसे ऐसा न कहने की बात समझाई  थी।


अन्य पोस्ट