दुर्ग
अतिक्रमण हटाने और यातायात सुधार के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 अगस्त। त्योहारी सीजन में इंदिरा मार्केट क्षेत्र में बढऩे वाली भीड़ और यातायात अव्यवस्था से निपटने के लिए नगर निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार और आयुक्त सुमित अग्रवाल ने इंदिरा मार्केट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर और आयुक्त ने बाजार व्यवस्था, सडक़ की चौड़ाई, अतिक्रमण की स्थिति और यातायात मार्ग का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर व आयुक्त ने इंदिरा मार्केट स्थित प्रतिमा स्थल और आसपास के क्षेत्र में दुकानों की सीमा तय करने के लिए चुना मार्किंग कराने के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि कोई भी दुकानदार सडक़ क्षेत्र से आगे दुकान नहीं लगाएगा। यदि किसी ने तय सीमा से बाहर दुकान लगाई, तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा और दुकान को तत्काल हटाया जाएगा।
राखी दुकानों के पंडाल पर नाराजगी
महापौर ने निरीक्षण के दौरान सडक़ घेरकर लगाए गए बड़े-बड़े पंडालों में राखी की दुकानें देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने बाजार विभाग को निर्देश दिया कि दुकानदार छोटे आकार के पंडाल लगाएं और सडक़ का पर्याप्त हिस्सा यातायात के लिए खाली छोड़ें। साथ ही, पसरा लगाने वालों के लिए अलग से मार्किंग की व्यवस्था करने को कहा, ताकि भीड़भाड़ कम हो और यातायात सुचारू रहे।
अतिक्रमण हटाने सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान पचरी पारा जाने वाली गली के पास अवैध रूप से बनाए गए चबूतरे को मौके पर जेसीबी मशीन से तोड़वाकर हटवाया गया। महापौर और आयुक्त ने चेतावनी दी कि बाजार क्षेत्र में किसी भी प्रकार का नया अतिक्रमण सहन नहीं किया जाएगा।
त्योहारों में यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता
महापौर और आयुक्त ने कहा कि त्योहारी सीजन में इंदिरा मार्केट और प्रतिमा स्थल क्षेत्र में भीड़भाड़ को नियंत्रित करना और यातायात को सुचारू रखना प्राथमिकता है। उन्होंने दुकानदारों और नागरिकों से अपील की कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और सडक़ क्षेत्र में दुकानें आगे बढ़ाकर न लगाएं।
इस निरीक्षण और कार्रवाई में एमआईसी सदस्य नरेंद्र बंजारे, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, नीलेश अग्रवाल, स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा, उपभियंता श्रीमती ठाकुर, कर्मशाला अधीक्षक शोएब अहमद, ईश्वर वर्मा, गौतम साहू सहित निगम का अमला मौजूद रहा।


