दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 जुलाई। भारती आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक पेड़ माँ के नाम के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन एनएसएस प्रकोष्ठ के तत्वावधान में हुआ, जिसमें बीएएमएस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा मातृ-प्रेम की अभिव्यक्ति करना था। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु 1000 पौधे रोपने का संकल्प लिया गया, जिसे विद्यार्थियों ने बड़े ही जोश और समर्पण के साथ निभाया। अब तक 400 से अधिक पौधे रोपे जा चुके हैं, और शेष पौधों के रोपण हेतु अभियान निरंतर जारी है।
इस अवसर पर कॉलेज के मैनेजिंग डायरेक्टर सुशील चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रेरणादायक संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. मानस रंजन होता ने की, जबकि उपप्राचार्य डॉ. अमिय भोंसले ने कार्यक्रम के विषय एवं इसके सामाजिक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर कॉलेज के समस्त वरिष्ठ शिक्षकगण डॉ. रामनारायण पटेल ,डॉ. निहारिका शर्मा, डॉ. शुभा तिवारी, डॉ. अनिल पटेल, डॉ. सौरभ बंजारें, डॉ. रामेश्वर थवाईत, डॉ. जय किशन, डॉ. अंकुर महाजन भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा पौधारोपण के साथ किया गया, जिसमें उन्होंने पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
यह अवसर विद्यार्थियों के लिए प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने का एक प्रेरणादायक अनुभव सिद्ध हुआ।


