दुर्ग

केंद्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के भूमिपूजन में भारती विवि के विद्यार्थी हुए शामिल
26-Jun-2025 3:09 PM
केंद्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के भूमिपूजन में भारती विवि के विद्यार्थी हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 27 जून। भारती विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक साइंस विभाग के विद्यार्थी नवा रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय एवं केंद्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर में राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) कैंपस और केंद्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) का शिलान्यास किया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री शाह ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य में एनएफएसयू एवं सीएफएसएल बनने के बाद फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट जल्दी आएगी जिससे कोर्ट अपना फैसला सुना सकेगा। इससे राज्य में क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम को मजबूती मिलेगी। अभी रिपोर्ट लेट आने से कोर्ट के फैसलों में देरी होती है, जिस कारण आरोपी को अनावश्यक जेल में रहना पड़ता है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि नया आपराधिक कानून-भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-सात साल या उससे अधिक की सजा वाले सभी अपराधों में फॉरेंसिक एक्सपर्ट द्वारा अपराध स्थल पर साक्ष्य एकत्र करना अनिवार्य बनाता है। अत: हजारों फॉरेंसिक विशेषज्ञों की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि अब हर साल 30 हजार से भी ज्यादा युवा देश की सेवा के लिए फॉरेंसिक विज्ञान विशेषज्ञ के रूप में तैयार होंगे। उक्त कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि फॉरेंसिक साइंस की पढ़ाई करके स्टूडेंट्स फॉरेंसिक वैज्ञानिक, फॉरेंसिक विश्लेषक, फॉरेंसिक मनोवैज्ञानिक बनकर अपना करियर संवार पाएंगे। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, गृहमंत्री विजय शर्मा और डिप्टी सीएम अरुण साव मौजूद थे। भारती विश्वविद्यालय के फॉरेंसिक साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष जयंत बारीक एवं सहायक प्राध्यापक समीक्षा नैय्यर सहित फॉरेंसिक साइंस विभाग में अध्ययनरत स्टूडेंट्स भी सम्मिलित हुए हैं।


अन्य पोस्ट