दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 जून। कंपनी में पूर्व जनरल मैनेजर का कार्य करने वाले आरोपी ने कंपनी के लैपटॉप को अपने पास रखकर विश्वासघात किया। जिसकी शिकायत प्रार्थी द्वारा पुरानी भिलाई थाना में दर्ज कराई गई है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 316 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी गिरजेश सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह शिवालिक इंजीनियरिंग इंडस्टरीज लिमिटेड हथखोज में मैनेजर एडमिन के पद पर कार्यरत है। उनके कंपनी में पूर्व जनरल मैनेजर ऑपरेशन का कार्य करने वाले निखिल जैन द्वारा कंपनी का लैपटॉप बौद्धिक संपदा को अपने पास रखकर आपराधिक विश्वास घात किया गया है। प्रार्थी ने शिकायत में बताया कि कंपनी के कर्मचारी रहे निखिल अशोक जैन निवासी सांगली महाराष्ट्र ने धोखे से कंपनी का लैपटॉप चोरी किया और उनकी गोपनीय व्यावसायिक जानकारी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों को हस्तांतरित करने का प्रयास किया है। निखिल जैन को 21 अक्टूबर 2023 को कंपनी के जनरल मैनेजर के पद पर नियुक्त किया गया था। उनकी नियुक्ति इस शर्त पर की गई थी कि वह कंपनी के व्यापारिक नीतियां, तकनीकी जानकारी और ग्राहक डेटा को पूर्ण गोपनीयता के साथ संभालेंगे।
12 नवंबर 2024 को निखिल जैन ने कंपनी को एक ईमेल भेज कर अपना इस्तीफा दिया। इस्तीफा में उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी की गर्भावस्था में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं है और उन्हें परिवार के पास सांगली महाराष्ट्र जाना होगा।
कंपनी ने उनकी स्थिति को समझते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन को पता चला कि निखिल जैन सांगली नहीं गए हैं बल्कि गुजरात स्थित उनके ही प्रतिद्वंद्वी कंपनी में शामिल हो गए जहां पूर्व में वह कार्यरत थे। वह कंपनी के लैपटॉप और उसमें संग्रहित महत्वपूर्ण व्यावसायिक डाटा को साथ लेकर चले गए हैं। जब उनसे लैपटॉप लौटाने के लिए संपर्क किया तो उन्होंने ने झूठी कहानी गढ़ी और कहा कि लैपटॉप उन्होंने मरम्मत के लिए दिया है। उन्होंने कंपनी में लैपटॉप वापस नहीं किया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


