दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 जून। पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है, इसी के तहत मोहन नगर पुलिस ने अवैध रूप से शराब का कारोबार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 22 हजार रुपए से भी अधिक मूल्य की 239 पौव्वा देसी शराब बरामद की है। सात आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
मोहन नगर थाना अंतर्गत धमधा रोड सब्जी मंडी एवं एफसीआई गोदाम बरगद पेड़ चबूतरा के पास अवैध शराब बिक्री किए जाने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। मोहन नगर थाना प्रभारी केशव राम कोसले ने तुरंत मौके पर टीम रवाना की। पुलिस ने सब्जी मंडी से आरोपी हरि दर्शन के कब्जे से 86 पौव्वा शराब एवं 9120 रुपए जब्त किया। एफसीआई गोदाम के पास दबिश देकर आरोपी राहुल दास मानिकपुरी के पास से 87 पौव्वा शराब एवं नगदी रकम 8920 रुपए जब्त किए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद्मश्री तंवर ने बताया कि इसी तरह रानीतराई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोरारी के सार्वजनिक शौचालय के पास हिम्मतलाल बंजारे से प्लास्टिक के जरिकेन में 10 लीटर कच्ची शराब एवं नाला के किनारे ओम प्रकाश मारकंडे द्वारा प्लास्टिक के जरिकेन में 10 लीटर कच्ची शराब को ले जाते हुए पकड़ा गया।
नंदिनी नगर में धूलेश्वर पटेल 58 वर्ष निवासी धमधा को पकड़ा। इसके पास से 29 पौव्वा शराब बरामद की गई है। इसी तरह द्वारिका साहू 58 वर्ष धमधा के कब्जे से 21 पौव्वा शराब एवं भूषण साहू 32 वर्ष नंदिनी नगर के कब्जे से 16 पौव्वा शराब बरामद की गई है।


