दुर्ग

डीएपी खाद की किल्लत के चलते कालाबाजारी की शिकायत
27-May-2025 5:32 PM
डीएपी खाद की किल्लत के चलते कालाबाजारी की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 मई।
डीएपी खाद की किल्लत के चलते इसकी कालाबाजारी हो रही है। जिला कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ अध्यक्ष रिवेन्द्र एवं जनपद उपाध्यक्ष राकेश के नेतृत्व में आज जिला प्रशासन को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। कहीं-कहीं तो दुकानदार डीएपी के साथ किसानों को जबरन अन्य उत्पाद थमा रहे हैं।

सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि पूरे जिले में डीएपी खाद की कमी होने के साथ ही खाद विक्रेताओं द्वारा कृतिम अभाव पैदा कर किसानों से लुट का जरिया बना दिया गया है। कोई भी दुकान में डीएपी खाद सुगम तरीके से नहीं मिल रहा है। अधिकांश दुकानों में उक्त अति जरूरत वाली खाद नहीं मिल रही है।

कहीं-कहीं मिल भी रही है तो शासन से निर्धारित मूल्य से 300-400 प्रतिशत अधिक कीमत में मिल रही है या फिर किसानों को 1 बोरी डीएपी खाद के साथ नैनो डीएपी अथवा अन्य उत्पाद जिसका किसान के जरूरत का ही नहीं है, जबरदस्ती धमाया जा रहा है। जिसके चलते पूरे जिले में किसान हलाकान है।
 

उन्होंने कहा कि सोसायटी में भी डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं होने से कृषक परमीट कटाकर बार-बार खाली हाथ लौट रहे हैं। सोसायटियों में कृषको को प्रति एकड़ 1 बोरी डीएपी दिया जाना तय है मगर उक्त सोसायटियों में पंजीकृत रकबा के अनुपात में खाद समय में उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। इस वर्ष मानसून समय पूर्व सक्रिय हो गई लेकिन सरकार द्वारा खाद-बीज की समूचित व्यवस्था नहीं कराने से किसान लुट के शिकार हो रहे हैं। शासन की गलत निति के कारण धान उत्पादक किसान चिंतित है। उनका कहना है डीएपी खाद की इस कमी की दूर करने तत्काल इसकी आपूर्ति किया जाए।
 साथ ही मुनाफाखोर विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई किया जाए अन्यथा कृषक आंदोलनात्मक कदम उठाने बाध्य होंगे। इस दौरान जनपद सदस्य लीलावती देशमुख, प्यारी बाई निषाद, रूपेश देशमुख आदि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट