दुर्ग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 मार्च। रिसाली नगर निगम के 5 पार्षद भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसमें दो एमआईसी सदस्य भी है। क्षेत्रीय विधायक ललित चंद्राकर के लिए यह बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। दूसरी ओर रिसाली निगम में कांग्रेस की परिषद अल्पमत की स्थिति में पहुंच गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में महापौर शशि सिन्हा द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले बजट के पास होने पर संदेह व्यक्त किया जा रहा है।
40 सदस्यों वाले नगर निगम रिसाली में कांग्रेस के निर्वाचित 21 पार्षद थे। पांच निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस को समर्थन किया था। जिसके चलते कांग्रेस की संख्या 26 हो गई थी। भाजपा के 13 निर्वाचित पार्षद और एक निर्दलीय मिलाकर 14 पार्षद थे। पूर्व में भाजपा की सरकार बनने के साथ ही कांग्रेस को समर्थन दे रहे दो निर्दलीय पार्षद शीला नारखेड़े और टीकम साहू भाजपा के साथ हो गए थे और अब पांच पार्षद जिसमें दो एमआईसी सदस्य भी हैं। बाकायदा भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इनमें वार्ड 14 की पार्षद सरिता देवांगन, वार्ड 15 पार्षद ईश्वरी साहू, वार्ड 33 एमआईसी सदस्य परमेश्वर कुमार पिंटू, वार्ड 20 एमआईसी सदस्य चंद्रप्रकाश निगम, वार्ड 3 की पार्षद श्रीमती सारिका प्रेम साहू शामिल है। इस तरह रिसाली निगम में भाजपा पार्षदों की संख्या 21 हो गई है जबकि कांग्रेस की परिषद अल्पमत में आ गई है। ऐसे समय में आगामी दिनों में प्रस्तुत होने वाले बजट के पास होने को लेकर भी चर्चा चल रही है। जानकारी के मुताबिक महापौर द्वारा प्रस्तुत बजट को यदि परिषद द्वारा अंगीकार नहीं किया जाता तो उसे शासन को भेजा को जाता है, जिस पर अंतिम निर्णय शासन लेती है।
विधायक ललित चंद्राकर और जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के उपस्थिति में दो एमआईसी सदस्यों सहित पांच पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। विधायक ने भाजपा का गमछा पहनकर और मिठाई खिलाकर पार्षदों का स्वागत किया तथा कहा कि भाजपा प्रवेश करने वाले पार्षदों ने बताया है कि भाजपा की रीति नीति और विकास से प्रभावित होकर शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि रिसाली की महापौर शशि सिन्हा पद में रहते हुए भी कोई कार्य नहीं कर पा रही है। उनका मानना है कि आने वाले समय में ट्रिपल इंजन की सरकार रिसाली में बनेगी और विकास के नए आयाम तय होंगे।