दुर्ग

रेल रोको आंदोलन, पूर्व विधायक वोरा गिरफ्तार
09-Jan-2025 2:52 PM
रेल रोको आंदोलन, पूर्व विधायक वोरा गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 9 जनवरी। कांग्रेस पार्टी द्वारा 13 सितंबर 2023 को रेल रोको आंदोलन किया गया था, इस मामले को लेकर बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल ने रेलवे अधिनियम की धारा 174 के तहत वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व पूर्व विधायक अरुण वोरा को गिरफ्तार किया। वहीं तत्काल उन्हें मुचलके पर रिहा भी कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक 13 सितंबर 2023 को राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर देशभर में रेल रोको आंदोलन आयोजित किया गया था। तत्कालीन विधायक अरुण वोरा एवं उनके समर्थक कार्यकर्ताओं ने दुर्ग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 2 एवं 3 पर खड़ी मालगाड़ी एवं अन्य यात्री ट्रेन के सामने पटरी पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया था। हालांकि इस दौरान आंदोलनकारियों ने रेलवे की संपत्ति को किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया था और वहां आंदोलन शांतिपूर्ण रहा था।

इस मामले को लेकर रेलवे पुलिस ने अरुण वोरा और उसके समर्थकों के खिलाफ धारा 174 रेल अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया था। इस मामले को लेकर रेलवे पुलिस द्वारा अरुण वोरा को समंस भेजा गया था। 8 जनवरी को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट दुर्ग में उपस्थित होकर होकर जांच अधिकारी के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया और अपना पक्ष प्रस्तुत किया। इस मौके पर अरुण वोरा ने कहा कि यह गिरफ्तारी जनता की आवाज दबाने का प्रयास है। जनहित के मुद्दों को उठाना मेरा कर्तव्य और मैं इसे जारी रखूंगा।


अन्य पोस्ट