दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 22 नवंबर। एसीसी जामुल में साढ़े तीन घंटे के भीतर ताला तोड़ लाखों के जेवर पार करने का मामला प्रकाश में आया है।
हैरत की बात यह है कि दुर्गा मंदिर वार्ड-4 जामुल के एक बड़े मोहल्ले में सुबह 5 बजे के बाद यह चोरी हुई है। अज्ञात चोर ने नागेंद्र सिंह (56 वर्ष) के मकान का ताला तोड़ सोने की लेडिस चैन, कान की बाली व झुमका, 2 चांदी की पायल, 20 चांदी का सिक्का, सोने की अंगूठी, 5 नग चांदी की बिछिया, नाक की फुल्ली, सोने की जेंटस चैन, दो जेंटस सोने की अंगूठी, 5 जोड़ी बिछिया चांदी की, 2 पायल चांदी की, दो कान का झुमका सोने का और नगद लगभग एक हजार रुपये समेट कर निकल भागा है।
जामुल पुलिस ने बताया कि दुर्गा मंदिर वार्ड-4, आईटी कॉलेज के पास एसीसी जामुल निवासी नागेंद्र सिंह 20 नवंबर की सुबह 5 बजे अपने पूरे परिवार के साथ छठ पूजा कार्यक्रम में सम्मिलित होने हाउसिंग बोर्ड सूर्य कुण्ड तालाब गये थे।
पूजा खत्म होने के बाद साढ़े 8 बजे घर लौटे तो सामने गेट व दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलग अलग कमरे में रखी दोनों आलमारी का ताला टूटा हुआ था और सारे जेवरात गायब थे। चोर गहने और नगदी समेत बैंक एटीएम और जेवरात का बिल भी उठा ले गए हैं। घटना की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।