दुर्ग

नाइट शिफ्ट ड्यूटी जा रहे बीएसपी कर्मी को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, खुर्सीपार गेट पर मौत
20-Nov-2023 3:19 PM
नाइट शिफ्ट ड्यूटी जा रहे बीएसपी कर्मी को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, खुर्सीपार गेट पर मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 20 नवंबर। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के अंतर्गत रात पाली में ड्यूटी जा रहे बीएसपी कर्मी को खुर्सीपार गेट के समीप ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बीएसपी कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया है।

खुर्सीपार थाना प्रभारी उमेद कुमार टंडन ने बताया कि मृतक आर. कोटेश्वर राव पिता आर भीमा नायडू (52 वर्ष) निवासी एनएवी क्वार्टर नंबर 1 एफ के सामने बालाजी नगर खुर्सीपार कल रात्रि पाली में ड्यूटी जाने के लिए घर से साइकिल से निकला था। शनिवार रात 10 बजे के लगभग खुर्सीपार गेट के पास ट्रक क्रमांक सीजी 08 जेड 9425 के चालक ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए साइकिल सवार कोटेश्वर राव को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे बीएसपी कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना के बाद पुलिस द्वारा लाश को सुपेला अस्पताल भेजा गया एवं आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए  धारा 279, 304 ए के तहत आरोपी चालक उत्तम साहू (29 वर्ष) निवासी गोता माटरा थाना नंदिनी नगर जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट