दुर्ग

खुर्सीपार में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं से झूमाझटकी
15-Nov-2023 2:04 PM
खुर्सीपार में महिला मोर्चा  कार्यकर्ताओं से झूमाझटकी

महतारी वंदन योजना की जानकारी देने के दौरान आ धमके कांग्रेसी, जमकर उत्पात, दोनों दल ने पुलिस में की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 नवंबर।
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण को लेकर सरगर्मी तेज है, चुनाव प्रचार के बीच प्रदेश के कई जगहों से भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झूमाझटकी का मामला सामने आया है। दुर्ग जिले के भिलाई के खुर्सीपार में भी भाजपा और कांग्रेस में कल रात विवाद हुआ है। 

ज्ञात हो कि खुर्सीपार में भाजपा की महिला मोर्चा कार्यकर्ता महतारी वंदन योजना के बारे में महिलाओं को बता रही थीं, तभी कांग्रेस के कुछ लोग वहां पहुंच विवाद करने लगे। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच बचाव के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को आना पड़ा। 

एक तरफ खुर्सीपार में यह घमासान मचा रहा, दूसरी तरफ भाजपा के स्टार प्रचारक असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा का रोड शो चल रहा था। 
बताया जा रहा है कि कल शाम खुर्सीपार क्षेत्र में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा महतारी वंदन योजना फॉर्म की जानकारी लोगों को दी जा रही थी।

महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक ने बताया कि महतारी वंदन योजना बीजेपी के घोषणा पत्र में शामिल है। इस योजना की जानकारी महिला मोर्चा कार्यकर्ता खुर्सीपार में प्रचार-प्रसार के दौरान दें रही थीं तभी जोन 4 खुर्सीपार के पार्षद भूपेंद्र यादव ने महिला मोर्चा का विरोध करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं को विरोध के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धमकाते हुए उत्पात शुरू कर दिया, उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं से झूमाझटकी भी की, जिसके कारण पुलिस बल भी बुलानी पड़ा। 

ज्ञात हो कि मंगलवार की रात लगभग 9 बजे हुई इस घटना को लेकर अब दोनों ही दलों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस ने आवेदन लेकर मामले को विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट