दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 नवंबर। विवाह के बाद ससुराल में पीडि़ता को दहेज के लिए सताने के बाद शादी के अवसर पर मिले लाखों रुपए के जेवरात ससुराल वालों ने रख लिए। कुटुंब न्यायालय से विवाह विच्छेद संबंधी फैसला होने के बाद जेवर की वापसी को लेकर पीडि़ता ने न्यायालय में गुहार लगाई थी। न्यायालय के आदेश पर उतई पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ धारा 406, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
चंद्र नगर उमरपोटी थाना उतई निवासी शर्मिष्ठा गांगुली का विवाह इस्पात नगर रिसाली निवासी अभिषेक मुखर्जी पिता एस आर मुखर्जी के साथ 27 जनवरी 2008 को हिंदू रीति रिवाज के अनुसार संपन्न हुआ था। परिवादिनी एवं आरोपी के बीच 26 अगस्त 2019 को कुटुंब न्यायालय दुर्ग के निर्णय से विवाह विच्छेद हो चुका है। शादी के बाद से ही परिवारदिनी के पति, ससुर, सास, ननंद कम दहेज लाने की बात को लेकर उसे ताना मारते रहते थे। कहते थे कि अच्छे घर में शादी किये होते तो लाखों रुपए दहेज में मिलते। इसके बाद लगातार दहेज की मांग को लेकर पीडि़ता को सताया जाने लगा। परेशान होकर पीडि़ता ने न्यायालय का सहारा लिया था। आरोपियों ने पीडि़ता के 12 तोला सोने के जेवरात को अपने पास रख लिया और वापस करने से इंकार कर दिया था।