दुर्ग
भ्रष्टाचार के विरोध और मतदान अवश्य करने का सभी ने लिया संकल्प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 31 अक्टूबर। देश में हर वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। यह दिवस सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंति के रूप में मनाया जाता है। 550 से अधिक रियासतों को भारत संघ में एकीकृत करने की उनकी स्मारकीय उपलब्धि का सम्मान करने के लिए इस दिन को राष्ट्रीय एकता दिवस या राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा आज इस विशेष दिवस पर रन फॉर यूनिटी, स्वच्छ भारत और 17 नवंबर को शत प्रतिशत मतदान का संदेश देते हुए सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस दौरान बीएसपी अधिकारियों ने भ्रष्टाचार का विरोध करने तथा राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने का संकल्प भी लिया।
भिलाई इस्पात संयंत्र के अतिरिक्त मुख्य सतर्कता अधिकारी सत्यव्रत कर ने बताया कि चीफ विजिलेंस कमीशन द्वारा हर वर्ष लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर सुरक्षा जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाता है जो कि आज से प्रारंभ होकर 5 नवंबर तक रहेगा। इस दौरान सप्ताह भर लोगों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध सतर्क और जागरूक करने के लिए अनेक कार्यक्रम किए जाएंगे। समाज, नागरिकों और विद्यार्थियों के बीच भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए, भ्रष्टाचार का विरोध करने हमें कौन कौन से कदम उठाने चाहिए तथा समाज से करप्शन को समाप्त करने सभी के योगदान की चर्चा संबंधित कार्यक्रम पूरे सप्ताह किया जाता है। साथ ही 17 नवंबर को अवश्य मतदान करने के लिए भी लोगों से अपील की जाएगी। देश के विकास के लिए आज रन फार यूनिटी के माध्यम से भ्रष्टाचार को ना कहने और इसका पुरजोर विरोध करने का संदेश लोगों को दिया गया। भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा सभी विभागों में, शिक्षण संस्थानों तथा टाउनशिप में अनेक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर करप्शन के खिलाफ आवाज उठाने और इसे खत्म करने की अपील की जा रही है।