दुर्ग

नाबालिग से रेप, आरोपी को 20 साल कैद
31-Oct-2023 2:57 PM
नाबालिग से रेप, आरोपी को 20 साल कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 31 अक्टूबर। नाबालिग को बहला फुसलाकर अपने साथ भाग कर ले जाने के बाद उसका शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है।

अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम एफटीसी एवं विशेष न्यायाधीश पास्को एक्ट सरिता दास की कोर्ट ने आरोपी मुकुंद राव को धारा 363 के तहत 1 वर्ष सश्रम कारावास ,1000 रुपए अर्थदंड, धारा 366 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास, 2000 रुपए अर्थदंड तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की धारा 6 के तहत 20 वर्ष सश्रम कारावास,5000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक राजेश कुमार साहू ने पैरवी की थी।

थाना भखारा धमतरी निवासी आरोपी मुकुंदराव की पहचान किशोरी के साथ थी। परिचय बढऩे के बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। 19 मार्च 2022 की दोपहर को 2 बजे किशोरी अपने घर से निकालकर आरोपी मुकुंदराव से मिलने पहुंची थी।

आरोपी ने उसको बहला फुसलाकर शादी का प्रलोभन देते हुए अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाया। इसके बाद आरोपी मुकुंद राव 22 वर्ष निवासी ग्राम सिलौरी थाना भखारा जिला धमतरी ने किशोरी को मोटरसाइकिल पर बैठा कर अपने बड़े पापा के घर धमतरी एवं अपने दोस्त के घर बानगर में ले जाकर किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाया। जब देर रात तक किशोरी घर नहीं पहुंची तब उसके परिवार वालों ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।


अन्य पोस्ट