दुर्ग

सडक़ पर गाड़ी चलाते, रोमांस करते जोड़े का वीडियो फैला
28-Oct-2023 4:40 PM
सडक़ पर गाड़ी चलाते, रोमांस करते जोड़े का वीडियो फैला

पुलिस ने काटा 4 हजार का चालान

अब जनसुविधा के लिए ट्रैफिक हेल्प लाईन नंबर भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 अक्टूबर।
खुल्लम-खुल्ला प्यार करेंगे हम दोनों, नहीं किसी से डरेंगे हम दोनों, बॉलीवुड के इस गाने का शुरूर एक कपल पर ऐसा चढ़ा कि वो भिलाई की सडक़ पर बाइक चलाते समय इश्क फरमाने लगे। बाइक की टंकी पर बैठी प्रेमिका प्रेमी को गले लगाये रही और फर्राटा भरती बाइक चलाता प्रेमी सडक़ों के चक्कर लगाता रहा। 

प्यार का ये फिल्मी अंदाज जिस किसी ने देखा वो हैरान रह गया और इसी बीच किसी ने वीडियो बना सोशल मीडिया पर पोस्ट भी कर दिया। प्रेमी जोड़ों का खुलेआम टाउनशिप की सड़क़ों पर रोमांस करते बाइक दौड़ाते यह वीडियो वायरल हो गया। 

पुलिस ने तत्काल वीडियो से गाड़ी का नंबर निकाला और बाईक मालिक के पास पहुंची। वीडियो में प्रेमिका अपना चेहरा लडक़े के कंधे में छिपायी हुई थी। इसके बाद दोनों स्मृति नगर के एक रेस्टोरेंट में चले गए। 

वीडियो देख दुर्ग एसएसपी ने ट्रैफिक नियमों को लेकर सख्त निर्देश जारी किये। पुलिस ने वाहन मालिक को वीडियो दिखा पूछताछ की तो पता लगा वीडियो में दिखाई दे रहा प्रेमी मेकेनिक है। उसने दो दिन पहले बाईक मालिक से वाहन लिया और प्रेमिका को बैठा इस तरह घूम रहा था। 

लडक़े एवं उसके परिजन को यातायात मुख्यालय बुलाकर समझाईश दी गई तथा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए 4000 रूपये चालान किया गया। 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग राम गोपाल गर्ग के निर्देश पर डीएसपी सतीश ठाकुर, सदानंद विध्यराज (यातायात) के नेतृत्व में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा यातायात संबंधी सुझाव एवं यातायात संबंधी शिकायत होने पर हेल्पलाईन नंबर 9479192029 आम नागरिकों के लिए जारी किया है, जिसमें प्राप्त शिकायत पर यातायात पुलिस द्वारा कार्यवाही की जा रही है।
 


अन्य पोस्ट