दुर्ग

चोरी कर भाग रहे तीन आरोपियों में एक बैग समेत गिरकर घायल
20-Oct-2023 3:55 PM
चोरी कर भाग रहे तीन आरोपियों  में एक बैग समेत गिरकर घायल

मकान मालिक ने धरदबोचा,  दो फरार मोहल्ले वाले चोर को पकड़ पहुंचे थाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 अक्टूबर।
भिलाई-3 के पदुम नगर के एक घर में चोरी कर तीन चोर जैसे ही देर रात निकल कर भागने की फिराक में थे, बैग पकड़ा एक आरोपी लडख़ड़ा कर गिरा और चोट आने की वजह से पकड़ा गया। शेष दो आरोपी भाग निकले, लेकिन उनकी पहचान हो गई है क्योंकि पकड़े गए आरोपी ने सारा कुछ पुलिस को बता दिया है। 

आरोपी एक सोने की अंगूठी, भगवान गणेश की मूर्ति और दो मोबाईल समेत लगभग 80 हजार का सामान ले भाग रहे थे, तभी एक बैग समेत गिर कर घायल हो गया।
पुरानी भिलाई थाना एएसआई हीरामन रामटेके ने बताया कि पदुम नगर भिलाई-3 निवासी 33 वर्षीय विभा दास घर में बुधवार की रात भोजन कर सोई हुई थीं। पति सुमन कुमार दास भी घर पर थे। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात जोर से आवाज आने पर विभा की नींद खुली तो उन्होंने पति को जगाया और दूसरे रूम में देखा कि आलमारी खुली हुई है और सारा सामान बिखरा पड़ा है। तभी एक व्यक्ति घर अंदर रखा बैग में लेकर भागा और गिर गया और उसे चोट आई। 

सुमन दास ने उसे घर की सीढ़ी के पास पकड़ लिया। आस पड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गए। चोर का नाम पूछने पर उसने अपना नाम मोहन सागर बताया तथा भागे दो अन्य साथियों की पहचान पृथ्वी पटेल और सुधीर महोबे के रूप में हुई है। बैग से दो मोबाईल, चांदी की गणेश की मूर्ति, एक नग सोने की अंगूठी मिली है। 

मोहल्लेवासियों ने पकड़े गए आरोपी को थाना लाया और विभा ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुरानी भिलाई पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों को तलाश रही है। इस मामले में आरोपी मोहन सागर, पृथ्वी पटेल, सुधीर महोबे के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है।
 


अन्य पोस्ट