दुर्ग

जिला अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने की मारपीट, मरीज की मौत
19-Oct-2023 3:44 PM
जिला अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने की मारपीट, मरीज की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 19 अक्टूबर। मंगलवार के दोपहर को जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज के साथ नशे में होने एवं हंगामा करने की बात कहकर पहले तो सुरक्षा कर्मियों ने उसे रस्सी से बांध दिया, इसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की। अस्पताल प्रबंधन ने मरीज को अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया। शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती मरीज की मंगलवार की देर रात को मौत हो गई। परिजनों ने इसकी शिकायत कोतवाली थाना में की है। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।

2 दिन पूर्व श्रवण सिंह को पेट में पानी भरा होने एवं अन्य बीमारी होने पर उसे ठीक करने के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। मृतक श्रवण सिंह के भाई विनय कुमार सिंह ने बताया कि दो-तीन दिन तक मरीज पर किसी तरह का ध्यान नहीं दिया गया। इससे परेशान होकर मरीज ने विरोध किया तो सुरक्षा कर्मियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए रस्सी से बांध दिया था। जब परिवार वालों ने इसका विरोध किया तो परिवार वालों के साथ भी कई लोगों ने मिलकर जमकर मारपीट की। इससे परिवार वालों को चोटे आई और उनका मोबाइल भी टूट गया।

कोतवाली पुलिस पहुंचने पर मामला शांत हुआ। उसके बाद जिला अस्पताल प्रबंधन ने परिवार वालों से कहा कि वे उसे यहां से लेकर चले जाए यहां उसका इलाज नहीं किया जाएगा। किसी और अस्पताल में उसका इलाज कराये। मजबूर होकर परिवार वालों ने मंगलवार की शाम को श्रवण सिंह को शंकराचार्य अस्पताल ले जाकर भर्ती किये जहां उसकी देर रात को मौत हो गई। लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के मर्चुरी में शव को रखा गया है। वहां पर गुस्साए परिजनों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए हंगामा किया।

नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग मणीशंकर चंद्रा ने बताया  कि जिला अस्पताल में मरीज एवं परिवार वालों के साथ मारपीट किए जाने एवं मरीज की मौत हो जाने की जानकारी मिली है। श्रवण सिंह  की किडनी और लीवर फेल हो गया था और उसके मस्तिष्क में बुखार भी चढ़ गया था। मंगलवार की दोपहर को उसके द्वारा विवाद करने पर मामला बढ़ गया था।

मामले की जांच की जा रही है। परिवार के साथ मारपीट करने वाले सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट