दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 18 अक्टूबर। हेमचंद यादव विवि, दुर्ग में अगामी दिसंबर 2023 के तृतीय सप्ताह में आयोजित होने वाली पीएचडी प्रवेश परीक्षा यूजीसी के नये नियमों के आधार पर होगी। यह जानकारी देते हुए विवि के परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा में 50 प्रतिशत अंक, रिसर्च मैथोडोलॉजी पर आधारित वस्तुनिष्ठ प्रश्न के होंगे तथा शेष 50 प्रतिशत अंक संबंधित विषय पर आधारित वस्तुनिष्ठ प्रश्न के होंगे। प्रत्येक हिस्से में दो-दो अंक वाले 25 प्रष्न होंगे। डॉ. पटेल ने बताया कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा का सिलेबस वहीं होगा जो यूजीसी/सीएसआईआर नेट परीक्षा का सिलेबस होता है।
विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव के अनुसार पीएचडी प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने हेतुु न्युनतम 50 प्रतिशत अंक परीक्षार्थी को प्राप्त करना अनिवार्य है परन्तु मात्र 50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर लेने से ही परीक्षार्थी को पीएचडी में प्रवेश की पात्रता नहीं होगी। यूजीसी के नियमानुसार पीएचडी में पात्रता हेतु बनायी जाने वाली मेरिट सूची में परीक्षार्थी के पीएचडी प्रवेश परीक्षा के कुल प्राप्तांकों में से 70 प्रतिशत अंक जोड़े जायेंगे तथा शेष 30 प्रतिशत अंक परीक्षार्थी द्वारा दिये गये साक्षात्कार पर आधारित होंगे। विवि में उपलब्ध पीएचडी की रिक्त सीटों के आधार पर ही विवि सीमित संख्या में परीक्षार्थियों को साक्षात्कार हेतु आमंत्रित करेगा।
विवि की पीएचडी सेल प्रभारी, डॉ. प्रीता लाल ने बताया कि विवि में यूजीसी के द्वारा 7 नवंबर 2022 को प्रकाशित असाधारण राजपत्र में उल्लेखित नियमों का पालन करने की प्रक्रिया जारी है। इस संबंध में कार्यपरिषद् के अनुमोदन के पश्चात विवि के पीएचडी अधिनियम 45 में संशोधन करने हेतु विवि छत्तीसगढ़ शासन उच्च षिक्षा विभाग तथा राजभवन को आवश्यक दस्तावेज भेजेगा। राज्यपाल द्वारा अनुमोदन के पश्चात विवि यूजीसी के राजपत्र के अनुसार अपने अधिनियम में संशोधन करेगा। पीएचडी प्रवेश परीक्षा हेतु नवंबर माह में विस्तृत अधिसूचना विवि की अधिकृत वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।