दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 अक्टूबर। धान की कस्टम मिलिंग के लिए पंजीयन को लेकर अब तक जिले के मिलर्स रुचि नहीं दिखा रहे हैं कस्टम मिलिंग के लिए अब तक मात्र 8 मिलर्स का आवेदन खाद्य विभाग को मिला है पिछले साल समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग के लिए 151 मिलर्स का पंजीयन हुआ था
गौरतलब है खरीफ विपणन वर्ष 2023 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने में ज्यादा समय नहीं है किसानो ने अर्ली वेरायटी किस्म के धान फसल की कटाई भी शुरू कर दिया ऐसे में खरीदी शुरू होते ही काफी मात्र में धान उपार्जन केन्द्रों में पहुंचने की संभावना है पिछले साल धान खरीदी शुरू होने के साथ ही उपार्जन केन्द्रों में उपार्जित धान का उठाव शुरू हो गया था जोकि कस्टम मिलिंग के लिए पंजीकृत मिलर्स के द्वारा किए जा रहे थे। यदि धान खरीदी शुरू होने के पहले कस्टम मिलिंग के लिए पंजीयन पूरा नहीं हुआ तो उपार्जन केन्द्रों में उपार्जित धान का उठाव प्रभावित होगा।
गत वर्ष जिले में उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से कुल 45 लाख क्विंटल से अधिक धान उपार्जित किए गए थे जिले के उपार्जन केन्द्रों से सीधे मिलर्स द्वारा संपूर्ण धान का समय पर उठाव कर लिए जाने से समितियों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं उठाना पड़ा था।