दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 अक्टूबर। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब व मादक पदार्थों को लेकर सख्त कार्रवाई किए जा रहे है। जिले में संचालित मदिरा दुकानों की455 कैमरों के माध्मम से निगरानी की जा रही है। आबकारी विभाग ने मामले शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया है। आबकारी विभाग के टोल फ्री शिकायत नंबर 14405 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। 32 लाख रूपए का मदिरा व वाहन जब्त किया गया।
विधानसभा निर्वाचन - 2023 के मद्देनजर जिले में अवैध मदिरा के परिवहन, विक्रय एवं धारण करने वाले अपराधियों पर विभाग लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है। आदर्श आचार संहिता के प्रभावशील होने के बाद माह अक्टूबर में आबकारी विभाग द्वारा जिले कुल 36 प्रकरणों कार्रवाई की है। इन प्रकरणों में कुल 117.56 बल्क लीटर देशी एवं विदेशी मदिरा, महुआ शराब 1230 बल्क लीटर एवं महुआ लाहन 41400 किलोग्राम तथा एक एक दो पहिया एवं चार पहिया वाहन जप्त किए गए।
सहायक आयुक्त आबकारी के अनुसार उक्त जप्त मदिरा व वाहन का कुल बाजार मूल्य लगभग 32 लाख 70 हजार 350 रूपये है। विभाग द्वारा विधानसभा निर्वाचन 2023 में अवैध मदिरा के नियंत्रण के लिए टीम गठित कर लगातार गश्त एवं पतासाजी की जा रही है। सभी मदिरा दुकानों की भी मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रात: तथा रात्रि गश्त के लिए अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई है। सभी आसवनी एवं बॉटलिंग इकाई तथा भाण्डागार की भी आकस्मिक जांच की जा रही है। जिले में शराब एवं मादक पदार्थो के अवैध विक्रय, परिवहन एवं धारण पर रोकथाम हेतु शिकायत दर्ज कराये जाने बाबत् टेलीफोन नंबर 0788-2325836 जारी किया गया है।