दुर्ग

मिनीमाता पुरस्कार से सम्मानित कलाकार बीमारी से जूझ रही, मदद की लगाई गुहार
14-Oct-2023 3:13 PM
मिनीमाता पुरस्कार से सम्मानित कलाकार बीमारी से जूझ रही, मदद की लगाई गुहार

दो मंत्रियों से मिल चुकी है, संस्कृति विभाग ने सहायता राशि दिलाने का भरोसा दिलाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 14 अक्टूबर। राज्य सरकार द्वारा मिनीमाता पुरस्कार से सम्मानित रुक्मिणी चतुर्वेदी की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। उनके पास आय का कोई साधन नहीं है, वे डायबिटीज़ से बुरी तरह लड़ रही हैं और दवा तक के लिए उनके पास रूपये नहीं हैं। नारी उत्थान के लिए लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाली रुक्मिणी ने आर्थिक मदद के लिए जिले के दो मंत्रियों के समक्ष गुहार लगाई, लेकिन उन्हें अब तक किसी तरह की मदद नहीं मिली।

ज्ञात हो कि वर्ष 2019 में राज्य सरकार द्वारा मिनीमाता पुरस्कार से सम्मानित रुक्मिणी चतुर्वेदी के पास आय का कोई साधन नहीं है। डायबिटीज और आहार नली की बीमारी से जूझ रही रुक्मिणी के पास दवा तक के लिए पैसे नहीं हैं। इलाज के लिए पिछले दिनों वह शंकराचार्य मेडिकल कालेज में भर्ती थीं। यहां डाक्टर राहुल गुलाटी ने उनकी इलाज में मदद की। अपने पिता और भाई के साथ रिसाली में रहने वाली रुक्मिणी चतुर्वेदी (48 वर्ष) को करीब 20 वर्ष से डायबिटीज है।

 वे दो वर्ष से आहार नली की थैली में सूजन से भी परेशान हैं और इलाज के लिए दो माह तक शंकराचार्य मेडिकल कालेज जुनवानी में भर्ती रहीं।

रुक्मिणी ने बताया कि उसके पास आय का कोई साधन नहीं है। पैसे नहीं होने के कारण वे दवाई और इंसुलिन भी नहीं खरीद पा रही हैं। उनके इलाज में हर महीने करीब पांच हजार रुपये की जरूरत पड़ती है। अस्पताल में डा.राहुल गुलाटी ने उनकी मदद की, तब वो दो माह अस्पताल में भर्ती रह उपचार करवा पाई हैं।

गौरतलब हो कि जिस कलाकार के बारे में छत्तीसगढ़ बोर्ड की किताबों में पढ़ाया जाता है, वही कलाकार अपने इलाज के लिए लोगों के सामने हाथ फैलाने को आज विवश है। घुरा और जुट शिल्प में महारत हासिल करने वाली और मिनी माता सम्मान से सम्मानित कलाकार रुक्मिणी चतुर्वेदी को अपने इलाज के लिए अपनी मां तक के गहने गिरवी रखने पड़े। वो घुरा शिल्प के जरिए फ्रांस, तुर्की, मलेशिया, दुबई, लंदन किर्कीस्तान जैसे कई देशों में अपनी कला का जलवा बिखेर चुकी हैं। इस कलाकार की हालत खबरों की सुर्खियों में जब आई तो संस्कृति मंत्रालय से कल देर शाम उनके घऱ एक क्लर्क पहुंचे और विभाग की ओर से 25 हजार रुपए उनके खाते में भेजने की बात कही लेकिन रूक्मिणी के सामने अब भी बड़ा सवाल यह खड़ा है कि रोजाना लगने वाले मंहेग इंसूलीन को खरीदने का जुगाड़ वे कहां से करें?


अन्य पोस्ट