दुर्ग
परीक्षाएं 20 अक्टूबर से 29 नवंबर तक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 अक्टूबर। हेमचंद यादव विवि, दुर्ग द्वारा पूरक परीक्षा का टाइम टेबल जारी कर दिया गया। टाइम टेबल के अनुसार पूरक परीक्षाएं 20 अक्टूबर को आरंभ होकर 29 नवंबर तक जारी रहेंगी।
विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप तथा परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल द्वारा हस्ताक्षरित इस टाईम टेबल में विज्ञान संकाय अर्थात बीएससी, बीएससी होमसाइंस तथा बीएससी बीएड की परीक्षाएं प्रात: कालीन पाली में 7 से 10 बजे तक आयोजित होंगी। द्वितीय पाली में प्रात: 11 से 2 बजे तक स्नातक स्तर की बीकॉम तथा बीसीए एवं एमफिल क्लीनिकल साइकोलॉजी भाग-01 तथा साइकेट्रिक सोषल वर्क की पूरक परीक्षा आयोजित होगी। तृतीय पाली में शाम 3 से 6 बजे कला संकाय की बीए तथा बीए बीएड की पूरक परीक्षाएं संचालित होगी।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि विवि द्वारा 07 जिलों में कुल 48 पूरक परीक्षा केन्द्र बनाये गये है। जिसमें दुर्ग जिले में 15, बालोद जिले में 07, राजनांदगांव जिले में 10, बेमेतरा जिले में 05, कबीरधाम जिले में 07, मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी जिले में 02, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई 02 परीक्षा केन्द्र स्थापित किये जा रहे है। इनमें से बड़े महाविद्यालयों में छात्रसंख्या के आधार पर तीनों पाली में परीक्षा आयोजित होगी। जबकि अनेक अन्य छोटे महाविद्यालयों में केवल बीए की परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण सायंकालीन पाली में ही परीक्षा आयोजित होगी।
परीक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार परीक्षार्थी के प्रवेष पत्र पर जिस परीक्षा केन्द्र का नाम अंकित होगा उसे वहीं परीक्षा देना अनिवार्य है।
डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार महाविद्यालयों में दशहरा दिपावली का अवकाश तथा चुनाव प्रषिक्षण एवं मतदान केन्द्र स्थापित होने के कारण पूरक परीक्षाओं में 05 नवंबर से 19 नवंबर तक गैप रखा गया है। इसी वजह से पूरक परीक्षा लगभग 40 दिनों तक आयोजित होगी। आज पूरक परीक्षा आवेदन जमा करने के अंतिम दिन दोपहर 2 बजे तक विवि में कुल 33766 आवेदन प्राप्त हुए है। अब विवि किसी भी परीक्षार्थी को पूरक परीक्षा संबंधी ऑनलाईन आवेदन हेतु अनुमति प्रदान नहीं करेगा।