दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 अक्टूबर। बीती रात पड़ोसी ने प्रार्थी के घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। प्रार्थी की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 435 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी राकेश यादव अबादी पारा पीसेगांव निवासी है और वह मजदूरी का काम करता है। 9 अक्टूबर की रात को उसने अपनी मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स क्रमांक सी जी 07 सी एच 1939 एवं संतोष विश्वकर्मा की मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स सी जी 07 बी वाई 2339 को अपने घर के आंगन में खड़ा किया था। हमेशा दोनों मोटरसाइकिल को प्रार्थी आंगन में ही खड़ा करता था।
रात में खाना खाकर पूरा परिवार सो गया था। रात लगभग 1.30 बजे प्रार्थी की बहन बाथरूम जाने के लिए उठी तो देखी कि दोनों मोटरसाइकिल को पड़ोस में ही रहने वाला आरोपी धनेश्वर प्रसाद देशमुख आग लगाकर भाग रहा है। यह देख उसने परिवार वालों को आवाज देकर उठाई । आवाज सुनकर मोहल्ले वाले भी एकत्र हो गए। सभी ने मिलकर आग बुझाई तथा डायल 112 की टीम को भी जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।