दुर्ग

संपत्ति विरुपण के तहत हटाने की कार्रवाई नहीं
11-Oct-2023 3:08 PM
संपत्ति विरुपण के तहत  हटाने की कार्रवाई नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 11 अक्टूबर। जिले में शासकीय परिसंपत्तियों में लगे विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं के तस्वीरों वाले पोस्टर का कई जगहों पर अब तक संपत्ति विरुपण तहत इसे हटाने की कार्रवाई नहीं की गई है। शासकीय परिसंपत्तियों से संपत्ति विरुपण के तहत आचार संहिता लागू होने के 24 घंटे के अंदर इस संबंध में कार्रवाई किए जाने का  निर्देश है, मगर 24 घंटे बाद भी कई जगहों शासकीय संपत्तियों में नेताओं की तस्वीरें लटकी हुई है।

दुर्ग जिला कलेक्टर की सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया था कि चुनाव आयोग से प्राप्त दिशा निर्देश के अनुसार सरकारी परिसंपत्तियों से संपत्ति विरुपण की कार्रवाई आाचार संहिता लगने के 24 घंटे के अंदर किया जाना है, वहीं सार्वजनिक परि संपत्तियों से 48 तथा निजी परिसंपत्तियों से संपत्ति विरुपण की कार्रवाई 72 घंटे के अंदर किया जाना है। मगर जिला मुख्यालय से कुछ मीटर की दूरी पुराना बस स्टैण्ड के स्ट्रीट लाइट के पोल पर राजनीतिक दल के नेता  तस्वीर वाली पोस्टर शाम तक लटकी हुई थी, वहीं मजार के बाजू पोल पर भी एक पोस्टर लटक रहा था।

 इसी प्रकार बोरसी चौक के पास शासकीय  यात्री प्रतिक्षालय में अनेक नेताओं की तस्वीर है जो अब तक नहीं ढंका गया है। ग्राम धनोरा में भी एक शासकीय भवन  पेंट किए गए एक नेता की तस्वीर दिखी ऐसे ही और भी कई जगहों पर इस तरह की स्थिति दिखाई दी।

आयोग ने संपत्ति विरुपण अधिनिमम के उल्लंघन पर दिए है कार्रवाई के निर्देश

 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन-2023 की घोषणा  के साथ जिले में आदर्श आचरण संहिता भी प्रभावशील हो गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत व आदर्श आचरण संहिता का पालन सुनिश्चत कराने के निर्देश दिए है।  जारी किए गए आदेश में कहा है कि चुनाव के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के अभ्यर्थियों द्वारा शासकीय भूमि/भवन/अहाता/बिजली एवं टेलीफोन के खंबे आदि में पोस्टर/बैनर/होर्डिंग्स आदि लगाकर तथा दिवाल लेखन कर संपत्ति विरूपण अधिनियम का उल्लंघन किया जाता है तो ऐसे मामलों में आयोग द्वारा संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए है। 


अन्य पोस्ट