दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 अक्टूबर। नगर पालिक निगम में आचार संहिता लागू होते ही राजनीतिक दलों के बैनर-पोस्टर पर गाज गिरने लगी। नगर निगम प्रशासन ने सारे राजनीतिक विज्ञापनों को हटा दिया है और हटाने की कार्रवाही लगातार जारी है। आयुक्त लोकेश चन्द्राकर के निर्देश पर अतिक्रमण विभाग के टीम द्वारा ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी।
सोमवार से शुरू हुई कार्रवाई के दूसरे दिन भी शहर के कोने कोने से उतरने लेगें दो दिनों में राजनीतिक दलों के बैनर, पोस्टर, फ्लैक्स झंडे को निगम की टीम ने सार्वजनिक स्थान से 3,194,निजी स्थानों से 54 से हटाए गए हैं। इसके अलावा घूम-घूम कर संपत्ति विरूपण नियम के तहत बैनर, पोस्टर, फ्लैक्स, झंडे को जब्ती बनाया गया।
साथ ही दीवारों से वाल राइटिंग को भी शहर के कोने कोने से निगम की टीम निरीक्षण कर कार्रवाही कर रही है। दिनभर जीई रोड से लेकर वार्डो के गली मोहल्ले के साथ- साथ ही सडक़ के दोनों किनारे,जी रोड मुखमार्ग,गौरवपथ महाराजा चौक,पोटिया चौक,पुलगांव चौक,इदिरा मार्केट क्षेत्र,स्टेशन रोड,ग्रीन चौक,मालवीय नगर,रायपुर नाका सहित संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र में लगे बैनर, पोस्टर,फ्लैक्स को जब्त किया। दीवार लेखन को सफेद व गेरू रंग से मिटाया गया। कल नगर निगम के सभी कार्यालयों में लगे शासकीय योजना में जनप्रतिनिधियों के फोटो वाले पोस्टर को हटाया गया। संपत्ति विरूपण के तहत कार्रवाई करने उप अभियंताओं को वार्ड प्रभारी बनाया गया है।
आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने कहा है कि निगम क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गया है। बिना अनुमति के संपूर्ण निगम क्षेत्र में बैनर,पोस्टर, झण्डे फ्लैक्स लगाना तथा दीवार लेखन, जुलूस, रैली प्रतिबंधित किया गया है।
आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने पर निर्माण कार्यों पर लगा प्रतिबंध
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा 9 अक्टूबर 2023 को विधानसभा आम निर्वाचन-2023 की घोषणा की जा चुकी है तथा घोषणा की तिथि से जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने निर्वाचन की घोषणा के साथ जिले में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने पर निर्माण कार्य एजेंसी विभागों को निर्माण कार्य पर प्रतिबंध लगाने आदेशित किया है। जिला दण्डाधिकारी की आदेशानुसार निर्वाचन की घोषणा की दिनांक से कोई भी ऐसा निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होगा, जिसके संबंध में कार्यादेश जारी कर दिया गया है परन्तु वास्तव में स्थल पर कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, वे कार्य निर्वाचन समाप्ति के पश्चात् ही प्रारंभ किये जा सकते हैं। यदि कोई कार्य वास्तव में प्रारंभ हो चुका तो उसे जारी रखा जा सकता है। यह प्रतिबंध निर्वाचन समाप्ति तक संपूर्ण दुर्ग जिले में प्रभावशील रहेगा।