दुर्ग

ग्रीन सिग्नल होते ही बेकाबू टैंकर ने कार को पीछे से मारी ठोकर
09-Oct-2023 4:36 PM
ग्रीन सिग्नल होते ही बेकाबू टैंकर ने कार को पीछे से मारी ठोकर

कार क्षतिग्रस्त, सवार बाल-बाल बचे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 अक्टूबर।
कल दोपहर खुर्सीपार चौक पर जैसे ही ग्रीन सिग्नल हुआ, सभी वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ ही रहे थे कि एक टैंकर चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पीछे से कार को ठोकर मार दी। कार सवार इस दुर्घटना से बाल-बाल बच गए, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।  खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

खुर्सीपार थाना के एएसआई खेमलाल ठाकुर ने बताया कि विश्वबैंक कॉलोनी सेक्टर 1, भिलाई-3 निवासी चंदन मुखर्जी (30 वर्ष) अपनी कार क्रमांक सीजी 07 सीजे 0740 से बहन के साथ नेहरू नगर जा रहे थे, तभी खुर्सीपार चौक के पास रेड सिग्नल होने पर रूके और जैसे ही ग्रीन सिग्नल मिला अपने वाहन को धीरे-धीरे आगे बढ़ा रहे थे, तभी ट्रक टैंकर क्रमांक जीजे 06 बीटी 6747 का चालक अपने वाहन को तेज व लापरवाही पूर्वक चलाकर पीछे से कार को ठोकर मार एक्सीडेंट कर दिया। ठोकर मारने से कार के पीछे बोनट, दाहिना चक्का मुडक़र बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। एक्सीडेंट में कार सवारों को कोई चोट नहीं आई है।

सूचना पर खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी टैंकर क्रमांक जीजे 06 बीटी 6747 के चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
 


अन्य पोस्ट