दुर्ग

बिना अनुमति बिछाए जा रहे केबल को निगम ने किया ट्रॉली सहित जब्त
05-Oct-2023 3:41 PM
 बिना अनुमति बिछाए जा रहे केबल को निगम ने किया ट्रॉली सहित जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 5 अक्टूबर। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में बिना अनुमति के जियो टेलीकॉम द्वारा बिछाए जा रहे ऑप्टिकल फाइबर केबल पर निगम के  भवन अनुज्ञा शाखा एवं तोडफ़ोड़ दस्ता की टीम ने कार्रवाई की है।

ज्ञात हो कि आयुक्त रोहित व्यास के निर्देश पर निगम की टीम अवैध अतिक्रमण, निर्माण तथा बिना अनुमति के फाइबर केबल बिछाने वालों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही कर रही है। वैशालीनगर जोन-2 क्षेत्र के जवाहर नगर दारू दुकान के सामने रोड में जियो कंपनी के द्वारा बिना अनुमति के ऑप्टिकल फाइबर लाईन बिछाने का कार्य किया जा रहा था, जिसकी सूचना प्राप्त होते ही निगम के भवन अनुज्ञा जोन-2 के राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंच कर ट्रैक्टर ट्रॉली में रखे जियो ऑप्टिकल फाइबर को ट्रॉली सहित तथा एक पानी टैंकर को जब्त किया है।

शिकायत के आधार पर भवन अनुज्ञा विभाग के अधिकारियों के साथ निगम का अमला मौके पर पहुंचा और केबल बिछाने वालों से केबल बिछाने की अनुमति पत्र दिखाने को कहा तो उनके द्वारा गोल-मोल जवाब देते हुए किसी प्रकार अनुमति संबंधी कोई दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके। कार्रवाई के लिए पहुंची निगम की टीम ने मौके से बिछाए जा रहे केबल के साथ अन्य सामग्रियों को भी जब्त किया है।

गौरतलब है कि इसके पूर्व भी निगम क्षेत्र में अन्य टेलिकॉम सर्विस कंपनी द्वारा बिना कोई अनुमति केबल बिछाने या गड्ढा खोदने की शिकायत मिलने पर निगम की टीम सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने मौके पर पहुंचकर गलत ढंग से किए जा रहे कार्यो पर शिकंजा कसने मशीन आदि को जब्ती बनाते हुए अर्थदण्ड भी वसूलने की कार्रवाई की जा चुकी है।


अन्य पोस्ट