दुर्ग
फिट भिलाई मूवमेंट के अंतर्गत दुर्ग जिला ओलम्पिक संघ का आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के तत्वावधान में दुर्ग जिला ओलम्पिक संघ द्वारा 8 अक्टूबर की संध्या 4 बजे से फिट भिलाई मूवमेंट के अंतर्गत 6 किमी की ‘‘भिलाई मैराथन दौड़’’ का आयोजन किया जा रहा है। इस दौड़ में विभिन्न खेल संघों के लगभग 3000-4000 बालक/बालिका एवं पुरुष/महिला खिलाडिय़ों के भाग लेने की संभावना है।
ज्ञात हो कि भिलाई मैराथन दौड़ का प्रारंभ इस्पात क्लब सेक्टर-1 (क्रिकेट ग्राउण्ड) से ए मार्केट सेक्टर-1 होते हुये इक्विपमेंट चौक सेक्टर-1 से सेक्टर-2 चौक से सेंट्रल एवेन्यु रोड होते हुये पुलिस पेट्रोल पंप (कोतवाली, सेक्टर-6) से बाएं मुडक़र कलामंदिर से मोन्यूमेंट पार्क होते हुये शहीद गार्डन, सिविक सेंटर में समाप्त होगी।
भिलाई मैराथन दौड़ में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों को ऑनलाईन एवं ऑफलाईन के माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। भिलाई मैराथन दौड़ में भाग लेने वाले रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी खिलाडिय़ों को टी-शर्ट एवं चेस्ट नंबर प्रदान किया जायेगा। ऑफलाईन रजिस्ट्रेशन हेतु खिलाड़ी ईमेल दुर्ग डिस्ट्रिक ओलम्पिक एट जीमेल डाट काम के माध्यम से या क्वा.14/बी, सडक़-22, सेक्टर-1 भिलाई में सम्पर्क कर सकेंगे।
भिलाई मैराथन दौड का आयोजन 4 आयु वर्गों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम समूह-सब जूनियर बालक एवं बालिका (आयु 10 वर्ष से 14 वर्ष तक), द्वितीय समूह-जूनियर बालक एवं बालिका (आयु 15 वर्ष से 18 वर्ष तक), तृतीय समूह -यूथ पुरुष एवं महिला (आयु 19 वर्ष से 29 वर्ष तक), चतुर्थ समूह-सीनियर पुरुष एवं महिला (आयु 30 वर्ष से अधिक) का होगा।
भिलाई मैराथन दौड़ की समाप्ति के पश्चात समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह शहीद पार्क, सिविक सेंटर, भिलाई में संध्या 6 बजे से भिलाई नगर के विधायक देवेन्द्र यादव महासचिव छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन एवं अध्यक्ष दुर्ग जिला ओलम्पिक एसोसिएशन के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा। इस अवसर पर भिलाई नगर के महापौर नीरज पाल, छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के पदाधिकारीगण एवं विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहेंगे।
सभी 8 वर्गों के लिए प्रथम स्थान 21000, द्वितीय स्थान 11000, तृतीय स्थान 6000 रुपए पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसी तारतम्य में सभी चार आयु वर्गों के लिए 4 से 8 तक स्थान प्राप्त को जूता, 9 से 18 स्थान प्राप्त को ट्रैकसूट, 19 से 69 स्थान प्राप्त को टीशर्ट सहित अन्य पुरस्कार दिए जाएंगे।
आयोजन को लेकर दुर्ग जिला ओलम्पिक एसोसिएशन की विशेष बैठक महासचिव छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन एवं अध्यक्ष दुर्ग जिला ओलम्पिक संघ की अध्यक्षता में की गई, जिसमें भिलाई मैराथन दौड़ के आयोजन संबंधित विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बशीर अहमद खान उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसियेशन, सहीराम जाखड़ कोषाध्यक्ष छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसियेशन, सुमित पवार महासचिव दुर्ग जिला ओलम्पिक एसोसियेशन, व्हीआर चन्नावर, सचिव सायक्लिंग एसोसियेशन ऑफ छत्तीसगढ़, वाय राजा राव सचिव छत्तीसगढ़ बाल बैडमिन्टन संघ, मोहन लाल सचिव दुर्ग जिला फुटबाल संघ, चवन राम साहू सचिव, दुर्ग जिला खो खो संघ, जीपी तिवारी सचिव, जिम्नास्टिक्स, दलजीत सिंह थिंड सचिव स्केटिंग, ख्वाजा अहमद, समीर खान महासचिव हैंडबाल, गिरिराव सचिव कराटे, राकेशपुरी गोस्वामी सचिव ताइक्वांडो, एसकेडी मिश्रा सचिव पिकलबॉल, जावेद खान सचिव नेटबॉल, राम प्रताप गुप्ता सचिव दुर्ग जिला फेंसिंग, जसवंत सिंह, उमेशगिरी गोस्वामी, व्ही जॉनसन सोलोमन प्रशिक्षकफेंसिंग, दीपक गुप्ता, विनोद नायर कोच वॉलीबाल, राजेश सरकार प्रशिक्षक हैंडबाल सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित थे।