दुर्ग

नैक मूल्यांकन से महाविद्यालयों की गुणवत्ता में सुधार-डॉ. पल्टा
05-Oct-2023 2:33 PM
नैक मूल्यांकन से महाविद्यालयों की गुणवत्ता में सुधार-डॉ. पल्टा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 5 अक्टूबर। नैक बंगलुरू द्वारा किये जाने वाले महाविद्यालयों एवं विविों के मूल्यांकन से उनकी गुणवत्ता, अधोसंरचना, शैक्षणिक एवं अन्य पाठ्येत्तर क्रियाकलापों परीक्षा परिणामों आदि में सुधार होता है। प्रत्येक महाविद्यालय को नैक मूल्यांकन हेतु आगे आना चाहिए। ये उद्गार हेमचंद यादव विवि, दुर्ग की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने आज व्यक्त किये।

डॉ. पल्टा हेमचंद यादव विवि, दुर्ग द्वारा महाविद्यालयों हेतु नैक मूल्यांकन की नई पद्धति’’ विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में लगभग एक सैंकड़ा महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा आईक्यूएसी समन्वयकों को संबोधित कर रही थीं। सेंट थॉमस कॉलेज, भिलाई के सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में डॉ. पल्टा ने प्रतिभागियों को नैक मूल्यांकन की बारीकियों से अवगत कराया।

कार्यशाला की संयोजक विश्वविद्यालय की डीसीडीसी, डॉ. प्र्रीता लाल ने बताया कि दीप प्रज्जवलन के साथ कार्यशाला के आरंभ में अतिथियों को पौधा भेंटकर स्वागत विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने किया। स्वागत भाषण सेंट थॉमस कॉलेज, भिलाई के प्राचार्य, डॉ. एम. जे. रायमन ने दिया। इस अवसर पर विषप एच जी एलेक्षियस, फादर जोशी वर्गीस भी उपस्थित थे। 

कार्यशाला का पहला आमंत्रित व्याख्यान हेमचंद यादव विवि, दुर्ग के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव द्वारा दिया गया। पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने नैक के मूल्यांकन प्रणाली के समग्र महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर प्रकाश डाला।

द्वितीय व्याख्यान में शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग की डॉ. जगजीत कौर सलूजा ने नैक मूल्यांकन के क्राइटेरिया क्रमांक 4, 5 एवं 6 का विस्तार से विश्लेषण किया। तृतीय सत्र में शासकीय दिग्विजय स्वशासी महाविद्यालय, राजनांदगांव की डॉ. अनिता साहा ने नैक मूल्यांकन के क्राइटेरिया क्रमांक 1, 2 एवं 3 की महत्वपूर्ण जानकारी दी। सम्पूर्ण कार्यशाला के दौरान प्रतिभागी प्राचार्यों व प्राध्यापकों ने अनेक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासा को शांत किया।

डॉ. प्रीता लाल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बताया कि ए ग्रेड प्राप्त महाविद्यालयों अन्य बड़े महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने नैक मूल्यांकन में अच्छा ग्रेड प्राप्त करने संबंधी अपने अनुभव भी साझा किये। इनमें श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी की प्राचार्य, डॉ. अर्चना झा, आईक्यूएसी समन्वयक, डॉ. राहुल मेने, सेंट थॉमस कॉलेज, भिलाई की डॉ. देबजानी मुखर्जी, भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई की प्राचार्य, डॉ. संध्या मदन मोहन, शैलदेवी महाविद्यालय, अण्डा के प्राचार्य, डॉ. के. एन. मिश्रा, सांई कॉलेज, भिलाई के डायरेक्टर हरमीत सचदेव, समाधान कॉलेज, बेमेतरा के डॉ. अवधेश पटेल शामिल थे।

समापन सत्र में विवि के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप ने नैक मूल्यांकन की महत्ता पर अपने विचार रखते हुए सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद दिया तथा सर्टिफिकेट प्रदान किए। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने किया।
 


अन्य पोस्ट