दुर्ग

भिलाई महापौर की कार से सहायक जेल अधीक्षक बेटी सहित घायल
04-Oct-2023 4:14 PM
भिलाई महापौर की कार से सहायक जेल अधीक्षक बेटी सहित घायल

एक और छात्र को मारी ठोकर,  सभी घायल अस्पताल में

 गाड़ी में मौजूद थे मेयर, गाड़ी रोकने की बजाय भाग निकले-घायलों का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 4 अक्टूबर। कल शाम सीएम भूपेश बघेल के कार्यक्रम में दुर्ग कोर्ट जा रहे भिलाई महापौर नीरज पाल की कार ने दो अलग-अलग गाडिय़ों को ठोकर मार दी, जिससे 2 महिला समेत 3 लोगों को काफी चोट आई है। घायलों में दुर्ग सेंट्रल जेल की सहायक अधीक्षक और उनकी बेटी समेत एक 17 वर्ष का छात्र शामिल हैं। इस मामले में पद्मनाभपुर थाना में दो अलग अलग एफआईआर दर्ज कर महापौर के वाहन चालक के खिलाफ धारा 279 और 337 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। सहायक जेल अधीक्षक और घायलों ने बताया कि एक्सीडेंट के दौरान महापौर नीरज पाल स्वयं गाड़ी में मौजूद थे और उन्होंने ही अपने ड्राइवर को वाहन समेत मौके से निकल जाने को कहा।

पद्मनाभपुर पुलिस ने बताया कि केन्द्रीय जेल दुर्ग में सहायक जेल अधीक्षक के पद पर पदस्थ वर्षा संतोष कुंजाम (41 वर्ष) कल शाम अपनी एक्टीवा क्रमांक सीजी-08-एएक्स- 0161 से पुत्री कोया को बैठा कर बचत बाजार दुकान निरंकारी फर्नीचर के सामने स्टेशन रोड दुर्ग से खरीदी कर अपने घर लौट रही थीं।

राजेन्द्र पार्क चौक पर रेड सिग्नल होने पर उनकी गाड़ी खडी थी, थोडी देर बाद ग्रीन सिग्नल आने पर गाड़ी चालू कर रोड क्रास करते समय अचानक शाम पौने 6 बजे भिलाई से दुर्ग की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार ईनोवा क्रीस्ट्रा क्रमांक सीजी 07 बीडब्ल्यू 5554 का चालक अपनी वाहन को लापरवाही पूर्वक काफी तेज गति से चलाते हुए उनकी को ठोकर मारकर एक्सीडेंट कर दिया।

ठोकर इतनी तेज थी कि सहायक अधीक्षक अपनी बेटी कोया और एक्टीवा गाड़ी सहित फेंका गए। गाड़ी रूकने पर श्रीमती कुंजाम ने देखा कि वाहन के पीछे सीट पर नीरज पाल महापौर नगर पालिका निगम भिलाई बैठे थे, जिन्होंने एक्सीडेंट होने के बाद अपने वाहन चालक को घटना स्थल से भगा दिया। एक्सीडेंट से वर्षा संतोष कुंजाम के सिर, जबडे, दोनों हाथ तथा शरीर में अंदरूनी चोट आई है जबकि बेटी के सिर के पीछे, पीठ तथा हाथ में चोट लगी है।

महापौर की ही गाड़ी ने डिप्लोमा की पढाई कर रहे वेदांशु पटेल (17 वर्ष) की स्कूटी क्रमांक सीजी 07 सीएन 6859 को भी ठोकर मारी है। वेदांशु ने बताया कि वह दुर्ग रेल्वे स्टेशन के पास पढ़ाई कर अपने घर वापस आ रहा था तभी शाम पौने 6 बजे राजेन्द्र पार्क चौक दुर्ग पर ग्रीन सिग्नल आने पर जैसे ही गाड़ी चालू किया, तभी भिलाई से दुर्ग की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार ईनोवा क्रीस्ट्रा क्रमांक सीजी 07 बीडब्ल्यू 5554 के चालक ने अपना वाहन तेज गति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते स्कूटी को सामने से ठोकर मारकर एक्सीडेंट कर दिया। जिससे वेदांशु गाड़ी सहित निचे गिर गया। एक्सीडेंट से दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा वेदांशु के पैर में चोट आई है। एक्सीडेंट के बाद घायलों को शासकीय अस्पताल दुर्ग में इलाज के लिए भेजा गया।


अन्य पोस्ट