दुर्ग

साइकिल सवार को ठोकर मार कार चालक फरार, जुर्म दर्ज
04-Oct-2023 3:46 PM
साइकिल सवार को ठोकर मार कार चालक फरार, जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 4 अक्टूबर। मेडिकल स्टोर से दवा खरीद घर जा रहे सायकल सवार को कार चालक ने ठोकर मारी और एक्सीडेंट बाद छिटक कर दूर गिरे घायल को अस्पताल ले जाने की बजाय कार चालक वाहन समेत निकल भागा। यह घटना वैशाली नगर थाना अंतर्गत राम नगर स्थित बीएम शाह अस्पताल के करीब 29 सितंबर की शाम को घटी। घायल काफी देर तक सडक़ पर कराहता रहा तभी आस-पास से गुजर रहे लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

घटना की मौखिक जानकारी के बाद कल पेशे से ड्राइवर घायल के बेटे विजय (21 वर्ष) ने थाना पहुंच फरार कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

विजय ने पुलिस को बताया कि 29 सितंबर को उसके पिता रमेश सिंह ठाकुर अपनी सायकल से शाम साढ़े 7 बजे कमला मेडिकल से दवाई लेकर अपने घर गायत्री मंदिर के पीछे राम नगर की ओर आ रहे थे। तभी बीएम शाह अस्पताल के सामने साहू डोसा दुकान के पास नाला मोड़ पर पीछे से आ रही ब्रेजा कार क्रमांक सीजी 07 बीक्यू 6002 का चालक अपने वाहन को तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पीछे से ठोकर मारकर एक्सीडेंट कर दिया। घायल रमेश सिंह को प्राथमिक उपचार हेतु शासकीय अस्पताल सुपेला ले गए जहां से उन्हें शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी रेफर कर दिया गया। एक्सीडेंट से रमेश सिंह के दाहिने पैर की एड़ी, बायें पैर के गुठने एवं एड़ी व दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है।

 वैशाली नगर पुलिस ने ब्रेजा कार के आरोपी चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट