दुर्ग

हेमचंद विवि की भू-विज्ञान की शोधछात्रा कर रही बस्तर की कांगेर घाटी की नई गुफा पर शोध
04-Oct-2023 3:07 PM
हेमचंद विवि की भू-विज्ञान की शोधछात्रा कर रही  बस्तर की कांगेर घाटी की नई गुफा पर शोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 अक्टूबर।
हेमचंद यादव विवि, दुर्ग अंतर्गत मान्यता प्राप्त शोधकेन्द्र शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग के भू-विज्ञान विभाग की शोधछात्रा कुमारी स्वपना गुप्ता बस्तर क्षेत्र में स्थित कांगेरघाटी में विद्यमान लगभग 15 चुना पत्थर की गुफाओं में से तीन नई गुफाओं पर शोध कर रही है। 

इस शोध के अंतर्गत कुमारी स्वपना गुप्ता गुफा के निर्माण प्रक्रिया, वहां पाई जाने वाली भू-वैज्ञानिक संरचनाएं, स्टैलेक्टाईट तथा स्टैलेग्माईट आदि महत्वपूर्ण संरचनाओं का विस्तार से अध्ययन करेंगी। यह जानकारी देते हुए स्वपना गुप्ता के शोधनिर्देशक एवं विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं सहशोधनिर्देशक, साइंस कॉलेज, दुर्ग के भूविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष, डॉ. एस. डी. देशमुख ने संयुक्त रूप से बताया कि वे लोग पिछले 03 वर्षों से कांगेरवेली नेशनल पार्क के अंदर स्थित गुफाओं का विस्तृत अध्ययन कर रहे है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन भी बस्तर क्षेत्र में विद्यमान चुना पत्थर की गुफाओं को विश्व पर्यटन के मानचित्र में महत्वपूर्ण स्थान दिलाने हेतु प्रयासरत है। शोधार्थी स्वपना गुप्ता एवं भूविज्ञान विभाग शासकीय पीजी कॉलेज, जगदलपुर के प्राध्यापक, प्रो. अमितांशु शेखर झा ने संयुक्त रूप से बताया कि कांगेरघाटी में विद्यमान गुफाओं के अध्ययन से इनके संरक्षण एवं स्थानीय युवाओं के लिए जियोटूरिज्म की बढ़ती संभावनाओं के लिए मार्गप्रशस्त होगा। युवाओं को रोजगार प्राप्ति के साथ-साथ इस क्षेत्र विशेष को आर्थिक लाभ भी मिलेगा।

अबतक कांगेरघाटी क्षेत्र में कुल 15 गुफाओं की उपस्थिति दर्ज की जा चुकी है। जिसमें से 12 गुफाओं से संबंधित अनेक जानकारियां शोधार्थी द्वारा एकत्रित की जा चुकी है। वर्तमान में शोधार्थी स्वपना गुप्ता द्वारा 03 नई गुफाओं पर विस्तृत अध्ययन जारी है। इन गुफाओं की भू-वैज्ञानिक मैपिंग का कठिन कार्य भी शोधछात्रा द्वारा किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्षा के जल की चुना पत्थर क्षेत्रों में रासायनिक क्रिया के फलस्वरूप इन वृहद गुफाओं का निर्माण हुआ है। शोधकार्य के अंतर्गत देश के विभिन्न हिस्सों जैसे विशाखापटनम् के समीप स्थित बोरा केव तथा छत्तीसगढ़ की कुटुम्बसर गुफा, गंडई क्षेत्र में स्थित मंदीपखोल गुफा आदि की संरचनाओं से इन नई गुफाओं की संरचनाओं का तुलनात्मक अध्ययन जारी है। इस शोधकार्य से संबंधित 04 शोधपत्र उच्च स्तरीय राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके है। 


अन्य पोस्ट