दुर्ग

नशीली दवाएं लेकर ग्राहक तलाश रहे दो बंदी
03-Oct-2023 8:02 PM
नशीली दवाएं लेकर ग्राहक तलाश रहे दो बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 3 अक्टूबर। मनोत्तेजक औषधियों के कारोबारी पर वैशाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां दबिश में पुलिस को 557 नग मनोत्तेजक औषधि (टेबलेट) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 हजार 680 रूपये है।

पुलिस ने बताया कि नशीली कैप्सूल व टेबलेट सहित नगदी 8 हजार 600 रूपये, एक मोबाईल व एक्टीवा वाहन जब्त की गयी है। आरोपी वैशाली नगर क्षेत्र में इन नशीली औषधियों की सप्लाई करता था। इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

थाना वैशाली नगर प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक प्रदीप सोरी व एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक प्रभारी संतोष मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम को विशेष सूत्रों से पता चला कि सडक़ 18 सुभाष चौक बीएसपी स्कूल मैदान के पास नीले रंग का जींस पहने हुए दो व्यक्ति नशीली औषधियों को बेचने ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। घेराबंदी कर आरोपी विनोद तिवारी एवं सुरेन्द्र सिंह गिल उर्फ सोनू को पकड़ा गया।

आरोपियों के कब्जे से 557 नशीली कैप्सूल व टेबलेट जब्त कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट