दुर्ग

विसर्जन के दौरान पटाखा फोडऩे को लेकर विवाद
03-Oct-2023 4:03 PM
विसर्जन के दौरान पटाखा फोडऩे को लेकर विवाद

घर में घुस तीन महिलाओं को पीटा,  आधा दर्जन के खिलाफ जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 3 अक्टूबर। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान पटाखा फोडऩे को लेकर उपजे विवाद में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट की गयी है। घटना की रिपोर्ट पर पुरानी भिलाई पुलिस ने लगभग आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुरानी भिलाई थाना में एएसआई गोरखनाथ हरिश्चंद्र चौधरी ने बताया कि आमा कुंआ चौक पुरैना में दोपहर करीबन 3 बजे गणेश विसर्जन की तैयारी चल रही थी। चौक के पास मोहल्ले के बहुत से लोग जमा थे, उसी समय मोहल्ले का एक बच्चा करण वहां पटाखा फोड़ रहा था जिसे बी. अजय, के हरि, बी. किरण, अनिश व अन्य लात मारकर भगा रहे थे।

मोहल्ले की 45 वर्षीय जानकी ध्रुव ने आपत्ति की तो चारों लोग गुस्सा होकर उससे गाली गलौज करने लगे। मोहल्ले की डिम्पल और सुमित्रा ने गाली गलौच करने से मना किया तो बी. अजय और उसके सभी साथी डिम्पल को मारपीट करने के लिए दौड़ाने लगे। डिम्पल अपने घर के अंदर घुस गई तो वे चारों उसके घर के अंदर जबरदस्ती घुसकर हाथ-मुक्का से मारपीट करने लगे। तभी दौडक़र जानकी और सुमित्रा ने बीच बचाव किया तथा मोहल्ले की और महिलाएं पहुंच गईं। छुड़ाने के दौरान आरोपियों ने सुमित्रा और जानकी के साथ भी मारपीट की। मारपीट करने से बीच-बचाव करने गई जानकी के सीने, हाथ के अंगुठे, डिम्पल की पीठ, पेट, सिर, सुमित्रा के सिर में गंभीर चोटें आयी हैं।

घटना की रिपोर्ट पर पुरानी भिलाई पुलिस ने धारा 294, 506, 323, 34, 452 के तहत लगभग आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।


अन्य पोस्ट