दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 2 अक्टूबर। न्यू खुर्सीपार निवासी युवक पर कल शाम गणेश विसर्जन के दौरान दूसरे युवक ने धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया है। हमले की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
खुर्सीपार पुलिस ने बताया कि घटना कल शाम की है जब 19 वर्षीय त्रिलोचन वर्मा निवासी मशाल चौक न्यू खुर्सीपार गणेश विसर्जन के लिये नाचते हुए जा रहा था। जोन-3 स्ट्रीट-1 श्यामू किराना दुकान के पास क्रांति मार्केट खुर्सीपार पहुंचने पर अमन बनिया आया और वाद विवाद करने लगा। त्रिलोचन को जान से मारने की धमकी देते हुए अमन ने धारदार हथियार से उसकी जांघ और कंधे पर वार कर भाग निकला। लहुलुहान त्रिलोचन ने थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
खुर्सीपार पुलिस ने हमलावर अमन बनिया के खिलाफ धारा 294, 323, 506 बी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।