दुर्ग
पत्नी सहित 4 और लोगों को आई चोट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 2 अक्टूबर। छावनी बस्ती के सतनामी पारा में विसर्जन के दौरान कल कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया है। मोहल्ले के ही ड्राइवर ने जब उन्हें मना किया तो आरोपी युवक नाराज हो उसे ही पीटने लगे। बीच-बचाव करने आई ड्राइवर की पत्नी सहित मोहल्ले के अन्य 4 लोगों से भी मारपीट कर लगभग आधा दर्जन आरोपी मौके से भाग निकले हैं। इस मामले में जामुल पुलिस ने आरोपी और उनके साथियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच कर रही है।
जामुल थाना एएसआई खलखो ने बताया कि वार्ड-40 जागृति स्कूल के पास निवासी ड्रायवर परमानंद माहेश्वरी मोहल्ले में गणेश विसर्जन कार्यक्रम में अपनी पत्नी मनीषा, मोहल्ले के सुखु बंजारे, हर्ष बंजारे, नुतेश्वरी बंजारे, प्रकाश बंजारे एवं अन्य लोगों के साथ पहुंचा था। जागृति स्कूल के सामने मोहल्ले में बच्चे आपस में वाद विवाद कर रहे थे जिन्हें वह छुड़ाने और समझाने गया तभी महेश, साहिल, देवेन्द्र अपने अन्य साथियों के साथ उसकी समझाइश से आगबबूला हो उसे जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ मुक्का से मारपीट करने लगे।
बीच बचाव करने आई मनीषा, सुखु बंजारे, हर्ष, नुतेश्वरी और प्रकाश के साथ भी मारपीट कर चोट पहुचाया है। परमानंद की आंख के पास, मनीषा के हाथ , नुतेश्वरी के पेट व सिर, सुखराम बंजारे के दाहिने पैर, प्रकाश की आंख के पास और हाथ में चोट आई है।
इस मामले में जामुल पुलिस ने आरोपी महेश, साहिल, देवेंद्र और उनके साथियों के खिलाफ धारा 294, 506, 323 और 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।