दुर्ग
दुर्ग, 1 अक्टूबर। मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने वाले अधेड़ को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने 42 वर्षीय आरोपी को पॉक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत 5 वर्ष सश्रम कारावास,500 रुपए अर्थदंड तथा अर्थ दंड न दे पाने पर एक माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी।
अभियुक्त और बच्ची के परिवार वाले एक दूसरे से परिचित थे और घर के पास ही रहते थे। तीन वर्षीय बच्ची पड़ोस में रहने वाले आरोपी जग्गू मांझी (42 वर्ष) निवासी भिलाई को जान पहचान होने व एक दूसरे के घर आने जाने के कारण उसे दादा बोलती थी। बच्ची हमेशा घर के सामने खेलने रहती थी।
13 फरवरी 2023 की दोपहर लगभग एक बजे बच्ची की दादी ने उसे आवाज लगाई। जब वह कहीं खेलने नहीं दिखी तब बच्चों की दादी यह सोचकर कि वह जग्गू के घर खेलने गई होगी जग्गू मांझी के घर गई । जग्गू के घर का दरवाजा अंदर से बंद था। जब खटखटाने के बाद दरवाजा नहीं खुला तो बच्ची की दादी ने हाथ से सिटकनी खोली और अंदर गई। उसने देखा मासूम बच्ची खाट पर बिना कपड़े के लेटी हुई थी और आरोपी वहीं पर कम कपड़ों में बैठा हुआ था।
बच्ची की दादी ने बच्ची को पास में पड़े उसके कपड़े पहनाए और उसे घर लेकर आई। पूछताछ में बच्चों ने परिवार वालों को बताया कि आरोपी ने गलत जगह पर उसे छुआ था। इसके बाद परिवार वालों के साथ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गयी थी।