दुर्ग
एक की मौत, पांच घायल, थाना घेरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 अक्टूबर। शिवनाथ नदी में गणेश विसर्जन के दौरान मामूली वाद विवाद में घटना को बड़ा रूप दे दिया जिसके चलते एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव किया।
यह पूरा मामला शिवनाथ नदी तट का है, जहां कल रात गणेश विसर्जन के दौरान रात करीब 1 से 2 बजे के बीच दो गुटों के बीच भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, वहीं पांच लोग घायल हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक राहुल साहू (21 वर्ष) ग्रीन चौक निवासी दोस्तों के साथ गणेश विसर्जन में गया था जहां भिलाई क्षेत्र के 10 से 12 युवकों के साथ किसी बात को लेकर वाद विवाद हुआ। भिलाई के युवकों के द्वारा चाकूबाजी की गई, जिसमें राहुल की मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव किया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन के द्वारा वहां किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं की गई थी, केवल दो पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ है। यहां पर प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है।
ज्ञात हो कि पुलिस और जिला प्रशासन के द्वारा गणेश विसर्जन से पहले ही डीजे और समितियों की बैठक ली गई थी, जिसमें कड़ाई से यह कहा गया था कि रात 10 बजे के बाद डीजे बजाना प्रतिबंध रहेगा, इसके बाद एक दो डीजे वालों पर कार्रवाई भी की गई जब 10 बजे तक डीजे बजाना प्रतिबंध है तो फिर गणेश विसर्जन के लिए रात भर का समय देना न्याय संगत नहीं है जिसके चलते ऐसी घटनाएं लगातार हो रही है।



