दुर्ग
नगपुरा में 1 अक्टूबर को प्रदेश स्तरीय किसान महापंचायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 सितम्बर। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन ने रविवार 1 अक्टूबर को जिले के ग्राम नगपुरा में प्रदेश स्तरीय किसान महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस किसान महापंचायत में प्रदेश के दर्जन भर से अधिक किसान संगठन भाग लेंगे इसमें राज्य से संबंधित कृषि व किसानों की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि प्रगतिशील किसान संगठन द्वारा पिछले 10 साल से किसान महापंचायत और किसान संसद का आयोजन किया जा रहा है संगठन के पदाधिकारियों का मानना है कि कांग्रेस एवं भाजपा दोनों ही पार्टियों की सरकारों ने किसानों से छल किया है, जहां भाजपा सरकार ने धान खरीदी को प्रति एकड़ 20 क्विंटल से घटाकर 10 क्विंटल करने का प्रयास किया तथा 300 रुपए बोनस देने का वायदा पूरा नहीं किया वहीं वर्तमान कांग्रेस सरकार ने भी 2 साल का बकाया बोनस देने। चना गेहूं आदि उपजों की सरकारी खरीद करने, सिंचाई सुविधा बढ़ाने। किसान पेंशन लागू करने जैसे चुनावी वायदों को पूरा नहीं किया है। संगठन संयोजक राजकुमार गुप्त का कहना है कि रमन सरकार ने सिंचाई पंपों की बिजली आपूर्ति में 6 घंटे की कटौती कर दिया था जो वर्तमान भूपेश बघेल की सरकार भी समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हैं।
विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन द्वारा 1 अक्टूबर को नगपुरा में आयोजित किसान महापंचायत में राज्य में भावी सरकार के लिए किसानों और कृषि से संबंधित एजेंडा निर्धारित किया जायेगा इस महापंचायत में निर्धारित एजेंडे के अनुसार किसानों की भावनाओं का को कौन सा राजनीतिक दल कितना सम्मान देता इस पर भी इन किसानों की नजर रहेगी छ्ग प्रगतिशील किसान संगठन की माने तो इस किसान महापंचायत में प्रदेश के एक दर्जन से अधिक किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ ही 2 हजार किसानों के शामिल होने की संभावना है।