दुर्ग

एटीएम तोडक़र चोरी की कोशिश, जांच शुरू
28-Sep-2023 3:28 PM
एटीएम तोडक़र चोरी की कोशिश, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 28 सितम्बर। अंडा पेट्रोल पंप के बाजू स्थित बीटीआई इंडिया एटीएम में 25-26 सितंबर की दरमियानी रात को अज्ञात चोर ने मशीन तोडक़र रुपये चोरी करने का प्रयास किया। प्रार्थी द्वारा शिकायत दर्ज करने पर अंडा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी सोमन दास निवासी रुआबांधा भिलाई श्री जी फ्यूल्स ग्राम अंडा में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। पेट्रोल पंप अंडा के बगल में लगे बीटीआई इंडिया एटीएम नंबर वन स्थित है। 25 सितंबर की शाम लगभग 5.30 बजे प्रार्थी ने प्रतिदिन की भांति एटीएम को चेक करके सही सलामत स्थिति में देखा। इसके बाद वह अपने घर भिलाई चला गया। 26 सितंबर को सुबह लगभग पौने नौ बजे वापस आकर एटीएम को देखा तो एटीएम का कैश निकालने वाला कवर तथा लॉक टूटा हुआ है। मशीन के टुकड़े नीचे गिरे हुए थे।

किसी अज्ञात आरोपी ने एटीएम केंद्र में घुसकर मशीन तोडक़र रकम निकालने का प्रयास किया जिसमें वह सफल नहीं हो पाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट